पन्द्रहवां आटो-एक्सपो सात से 12 फरवरी तक ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में


 

नयी दिल्ली,20 दिसंबर(वार्ता) मांग में गिरावट से जूझ रहे देश के आटो उद्योग को अगले वर्ष सात फरवरी से शुरु हो रहे सबसे बड़े शो आटो-एक्सपो से बहुत उम्मीदें हैं ।

भारतीय आटोमोबाइल निर्माता संस्था(सियाम) के अध्यक्ष रंजन वढेरा ने शुक्रवार को 15 वें आटो-एक्सपो की जानकारी देते हुए बताया कि इस इस बार के मेले में 15 से अधिक स्टार्टअप्स भी शिरकत करेंगे ।

देश की आटो मोबाइल क्षेत्र की यह सबसे बड़ी प्रदर्शनी ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में 12 फरवरी तक चलेगी । इसी के साथ छह से नौ फरवरी तक प्रगति मैदान में आटो उपकरण बनाने की प्रदर्शनी का आयोजन भी होगा।

श्री वढेरा ने कहा कि उम्मीद है कि आटो.एक्सपो से पिछले 18 माह से आटो मोबाइल क्षेत्र में जारी सुस्ती को दूर करने में मदद मिलेगी । इस बार के मोटर शो में आटो मोबाइल क्षेत्र की लगभग सभी बड़ी कंपनियां हिस्सा लेंगी। इसके अलावा छह नये प्रदर्शक भी आयेंगे ।

इस बार के आटो शो में करीब 12 कंपनियां नजर नहीं आयेंगी जिनमें दुपहिया वर्ग की अग्रणी हीरो मोटोकार्प, होंडा मोटरसाईकिल और स्कूटर्स इंडिया , टीवीएस और होंडा कार्स इंडिया शामिल है । इसके अलावा भारी वाहन वर्ग की अशोक लेलैंड भी इस बार आटो-एक्सपो में शिरकत नहीं करेगी । आडी , बीएमडब्ल्यू, फोर्ड और निशान भी नजर नहीं आयेंगी।

आटो एक्सपो के दौरान कई नये लांच भी किए जायेंगे।

सात फरवरी को आटो-एक्सपो में कारोबारी दिवस रहेगा और टिकट का दाम 750 रुपए रहेगा। आठ और नौ फरवरी को सामान्य दर्शकों के लिए प्रदर्शनी खुली रहेगी । इस दौरान प्रत्येक दिन टिकट 475 रुपए और अंतिम तीन दिनों में 350 रुपए का टिकट होगा।

श्री वढेरा ने बताया कि इस बार आटो-एक्सपो में अधिक दर्शकों के आने की उम्मीद है । पिछली बार छह हजार दर्शक आए थे । अब मेट्रो रेल के पहुंच जाने से दर्शकों की संख्या में बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है ।



 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास