सोने-चाँदी में टिकाव
नयी दिल्ली 17 दिसंबर (वार्ता) विदेशों में सोने-चाँदी में रही तेजी के बीच स्थानीय जेवराती माँग कमजोर रहने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना मंगलवार को 39,270 रुपये प्रति दस ग्राम पर और चाँदी 45,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।
अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध को लेकर हुये सैद्धांतिक समझौते के विवरण आने से पहले निवेशकों की सतर्कता के बीच विदेशों में दोनों कीमती धातुओं की चमक बढ़ी है। सोना हाजिर 3.15 डॉलर चढ़कर 1,478.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 1.50 डॉलर की बढ़त में 1,482 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि निवेशक अमेरिका और चीन के बीच समझौते को लेकर अभी सतर्कता बरत रहे हैं। वे समझौते के विवरण का इंतजार कर रहे हैं। हालाँकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से पीली धातु में तेजी रही।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चाँदी हाजिर भी 0.04 डॉलर चढ़कर 17.05 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गयी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें