एयर इंडिया कर्मचारियों को बकाया भुगतान का आश्वासन

नयी दिल्ली 02 जनवरी (वार्ता) नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया के कर्मचारियों को बकाया वेतन-भत्तों के जल्द भुगतान का आश्वासन देते हुये गुरुवार को कहा कि एयरलाइन के निजीकरण में उनके हितों की रक्षा की जायेगी।
श्री पुरी ने आज एयर इंडिया के विभिन्न कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया था। एविएशन इंडस्ट्री इम्प्लाइज गिल्ड के महासचिव जॉर्ज एब्राहम ने 'यूनीवार्ता' को बताया कि कर्मचारी संगठनों ने सरकारी विमान सेवा कंपनी के निजीकरण को गलत बताते हुये इसे रोकने की माँग की जिस पर श्री पुरी ने कहा कि यह उनके वश में नहीं है। हालाँकि उन्होंने कर्मचारियों की अन्य चिंताओं पर सकारात्मक आश्वासन दिया।
नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी को जबरन नौकरी से न निकाला जाये। कर्मचारियों ने निजीकरण के बाद सेवा शर्तों में बदलाव न करने और चिकित्सा बीमा आदि पूर्ववत बनाये रखने की माँग की। इस पर श्री पुरी ने कहा कि कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जायेगा।
एक साल से ज्यादा समय का 25 प्रतिशत बकाये वेतन-भत्ते के भुगतान की माँग पर केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि इसका जल्द से जल्द भुगतान किया जायेगा।
एयर इंडिया ज्वाइंट फोरम के अध्यक्ष श्री विलास ने बताया कि श्री पुरी ने 10 दिन बाद एक बार फिर कर्मचारियों को मिलने के लिए बुलाया है। इस बीच वह सरकार के समक्ष कर्मचारियों की माँग रखेंगे।



 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास