झांसी: अवैध असलहा फैक्ट्री पर छापा
झांसी 04 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में झांसी के बड़ागांव थानाक्षेत्र में पुलिस ने एक अवैध असलहा फैक्ट्री पर छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आराेपी के पास से पांच तमंचे तथा कारतूस बरामद किये गये हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ़ ओ पी सिंह ने यहां पुलिस लाइन में पत्रकारों को शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि बड़ागांव थाना पुलिस और स्वाट टीम ने बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोरा जाने वाली सड़क के पास बने प्रतिक्षालय से मनोज कुशवाहा निवासी तालपुरा को अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार किया। मनोज के पास से पांच तमंचे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। मनोज की निशानदेही पर अवैध असलहा फैक्ट्री पर छापा मारकर असलहा बनाने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक युवक जो अवैध असलहों का कारोबार करता है और उन्हें बेचने की फिराक में मड़ोरा जाने वाली सड़क के पास बने प्रतिक्षालय पर किसी का इंतजार कर रहा है ,उक्त सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मनोज को गिरफ्तार कर लिया। मनाेज की निशानदेही पर ही फैक्ट्री पर छापा मारा गया जहां से इलेक्ट्रिक कटर, एक डाई मशीन, दो हथौड़ी, दो छैनी, एक सुम्मी, दो छोटी रेती, दो लोहे की रॉड, प्लास आदि उपकरण बरामद किए गए जिनका उपयोग असलहा बनाने में किया जाता था ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें