जुर्माने की रकम भरने कांग्रेसी पहुंचे स्कूटी मालिक के द्वार
लखनऊ 01 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पिछले दिनो लखनऊ में आईपीएस अधिकारी के घर ले जाने के दौरान चालान कटवाने वाले शख्स से बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियोे ने मुलाकात की और उसे जुर्माने की राशि का भुगतान किया।
शहर कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने चालान की गयी 6100 रूपये की धनराशि को स्कूटी के मालिक राजदीप सिंह के गोमतीनगर स्थित आवास पहुंचकर सौंपी, जिसे उन्होने कांग्रेस के पार्टी फण्ड में दान कर दिया।
गौरतलब है कि श्रीमती वाड्रा अपने लखनऊ प्रवास के दौरान गिरफ्तार किये गये रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी एस आर दारा पुरी के परिजनो से मिलने इंदिरा नगर के लिये निकली थी जिन्हे पुलिस ने रोका था जिसके बाद श्रीमती वाड्रा स्कूटी में सवार होकर निकल गयी थी। पालीटेक्निक चौराहे पर हालांकि पुलिस ने उन्हे फिर रोका जिसके बाद वह पैदल चल कर आईपीएस अधिकारी के घर गयी थी। कांग्रेस नेता ने पुलिस पर अभद्र रवैये का आरोप लगाया था।
यातायात पुलिस ने स्कूटी सवार को बगैर हेलमेट वाहन तेज गति से चलाने का चालान काटा था।
श्री चौहान ने बताया कि उक्त धनराशि मंगलवार को जनपथ मार्केट में व्यापारियों के सहयोग से एकत्रित की गयी थी जिसे आज स्कूटी मालिक काे सौंपा गया हालांकि उन्होने कांग्रेस की नीतियों पर विश्वास व्यक्त करते हुये पार्टी फंड में जमा कर दिया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें