खुदाई किये गये स्थानों को अविलम्ब दुरुस्त करने का दिया निर्देश
गोरखपुर: जल निगम द्वारा बिछाई जा रही सीवर लाइन का काम तो पूरी तरह से ठप है लेकिन काटी गई सड़कों की रिपेयरिंग की जा रही है पर रोड रिपेयरिंग की स्पीड भी इतनी कम है कि 200 मीटर लंबा रोड दुरुस्त करने में 15 दिन लग गये। नालियां टूटी हुई हैं। लोगों के घरों से निकलने वाला पानी टूटी सड़कों पर ओवर फ्लो कर रहा है। गड्ढों में गिरकर लोग घायल भी हो रहे हैं। ये हाल है नगर निगम के वार्ड संख्या 5 महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-दो का।
गुरुवार को वार्ड का जायजा लेने पहुँचे महापौर सीताराम जायसवाल को भी ऐसी ही दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। हर तरफ सड़के टूटी मिली। सीवर लाइन डालने के लिए की गई खुदाई के कारण बने गड्ढों में गिर जा रहे हैं। पार्षद के घर तक जाने वाला रोड भी बमुश्किल चलने लायक है।
सर्वाधिक प्रभावित मुहल्लों में मुख्य रूप से दरगहिया, हरिजन बस्ती, जीतपुर, मानिक नगर,यादव बस्ती, गोकुलपुरम, प्रकाशपुरम, नया गांव, सैनिक विहार व सैनिक कुंज में रहने वाले लोगों को सर्वाधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। खुदाई से सड़कों का बुरा हाल हो चुका है।
महापौर सीताराम जायसवाल ने कहा कि सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों को काटा गया जिससे चलने लायक नहीं रह गई हैं। जल निगम द्वारा सड़कों की मरम्मत तो कराई जा रही है लेकिन गति काफी धीमी है। जल निगम के एक्सईएन से बात कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। जनता की दिक्कतों को देखते हुए नगर विधायक ने भी इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद जल निगम के अभियंता सामूहिक अवकाश पर चले गये थे जो जनता के हितों के विरुद्ध है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें