ननकाना साहिब की घटना जिन्ना के डायरेक्ट एक्शन का विस्तार: भाजपा
नयी दिल्ली, 04 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पाकिस्तान में गुरुनानक देव के जन्म स्थान ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर मुस्लिम जिहादियों के हमले को माेहम्मद अली जिन्ना के 'डायरेक्ट एक्शन' के आदेश का विस्तार करार देते हुए आज कड़ी भर्त्सना की और कांग्रेस एवं वामदलों की चुप्पी पर हैरानी जताते हुए कहा कि इससे भारत के नागरिकता संशोधन कानून की सार्थकता एवं जरूरत भी साबित हुई है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ और प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली में शाहीन बाग और केरल की विधानसभा में बैठे लोगों को समझ में आ जाना चाहिए कि नागरिकता संशोधन विधेयक क्यों ज़रूरी है।
श्रीमती लेखी ने कहा कि शुक्रवार को ननकाना साहिब पर हमला कायरतापूर्ण एवं निदंनीय है। वह पाकिस्तान सरकार से जानना चाहती हैं कि सिखों एवं उनके पवित्र स्थान की रक्षा के लिए वे क्या कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों को भी मानवाधिकारों की बात करने से पहले देखना चाहिए कि पाकिस्तान का नज़ारा क्या है। वहां किस प्रकार से अल्पसंख्यक समुदायों की लड़कियों काे अगवा करके उनका जबरन धर्मपरिवर्तन करके निकाह कराया जाता है। उन्हें दाह संस्कार करने का अधिकार नहीं है। ऐसे में उनके पास देश छोड़कर भारत आने के अलावा कोई उपाय नहीं है।
उन्होंने कहा कि ननकाना साहिब की घटना पाकिस्तान में 1947 में उसके संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के हिन्दुओं एवं सिखों के जनसंहार के लिए डायरेक्ट एक्शन के आदेश का विस्तार मात्र है। इससे साबित हो गया कि भारत ने नागरिकता संशोधन कानून बना कर सही समय पर ठीक काम किया है। उन्होंने कहा कि शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों, केरल की विधानसभा में बैठे लोगोें, कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के नेता ननकाना साहिब की घटना पर चुप बैठे हैं। श्रीमती सोनिया गांधी, श्री राहुल गांधी और श्रीमती प्रियंका गांधी की आंखों में आंसू क्यों नहीं आये। उन्होंने पंजाब में कांग्रेस के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और राज्य के कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की चुप्पी को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “सिद्धू साहब कित्थों नाट गए हैं?”
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें