पश्चिम एशिया में तनाव से सोना 42,300 के पार

नयी दिल्ली, 08 जनवरी (वार्ता) पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से विदेशों में पीली धातु 1,600 डॉलर प्रति औंस के पार पहुँच गयी। इससे दिल्ली सर्राफा बाजार में इसके दाम 530 रुपये बढ़कर 42,330 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुँच गये। चाँदी भी 760 रुपये उछलकर चार महीने से अधिक के उच्चतम स्तर 49,560 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव रहा।

ईरान ने आज सुबह इराक स्थिति अमेरिकी सैन्य बलों और अमेरिकी बेस पर मिसाइल हमला किया। इससे निवेशकों ने पूँजी बाजार में जोखिम उठाने की बजाय सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली पीली धातु का रुख किया। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव की शुरुआत से ही स्थानीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। इस साल 02 जनवरी के बाद से पाँच कारोबारी दिवस में सोना 1,980 रुपये प्रति दस ग्राम और चाँदी 1,910 रुपये प्रति किलोग्राम महँगी हो चुकी है।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आज सोना हाजिर एक समय 1,610.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया जो मार्च 2013 के बाद का उच्चतम स्तर है। हालाँकि बाद में इसकी बढ़त कुछ कम हुई और यह करीब 20 डॉलर की वृद्धि के साथ 1,593.76 डॉलर प्रति औंस पर रहा। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 16 डॉलर की तेजी के साथ 1,590 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चाँदी हाजिर 0.03 डॉलर चढ़कर 18.57 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गयी।



 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास