राजस्थान में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में शांतिपूर्ण हो रहा है मतदान
जयपुर 17 जनवरी (वार्ता) राजस्थान में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के लिए मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है और
दोपहर बारह बजे तक पच्चीस प्रतिशत से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
प्रथम चरण में मतदान सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरु हुआ और कड़ाके की सर्दी के बावजूद मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही लम्बी लम्बी कतारें देखी जा रही थी और गांवों में मतदान के प्रति लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह दस बजे तक लगभग पन्द्रह प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट डाले। इसके बाद धूप निकलने के साथ मतदान धीरे धीरे बढने लगा और दोपहर बारह बजे तक 25 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए कानून एवं सुरक्षा बनाये रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं और इसके तहत सभी मतदान केन्द्रों एवं उसके आस पास पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किये गये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह मतदान शुरु होने के बाद कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रोनिक मशीनों में खराबी आने पर उन्हें शीघ्र ही बदल दिया गया और लगभग सभी जगह मतदान में कहीं कोई व्यवधान नहीं आया और शांतिपूर्ण चल रहा है। हालांकि सीकर जिले के अजीतगढ़ में पीथलपुर मतदान केन्द्र पर एक युवक के पुलिसकर्मियों से उलझने की खबर आई लेकिन वहां मौजदू सुरक्षाकर्मी उसे शीघ्र ही मतदान केन्द्र से दूर ले गये।
उधर कोटा जिले के लाडपुरा क्षेत्र के भोजपुरा गांव में नील गायों से परेशानी का मुद्दा लेकर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार करने के समाचार मिले हैं।
पंचायत चुनाव के पहले चरण में सरपंच के पद के लिए 17 हजार 242 उम्मीदवार तथा पंच के पद के लिए 42 हजार 704 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में झुंझूनूं और जैसलमेर को छोड़कर सभी जिलों में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के तहत मतदान हो रहा है। मतदान सायं पांच बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना शुरु होगी और देर रात सभी परिणाम जारी कर दिये जायेंगे। उपसरपंच का चुनाव शनिवार को होगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य के 31 जिलों में 36 सरपंच निर्विरोध चुन जा चुके हैं। इसी तरह ग्यारह हजार 35 पंच भी निर्विरोध चुने गये हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार प्रथम चरण में 87 पंचायत समितियों की 2726 ग्राम पंचायतों में 93 लाख 20 हजार 684 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 48 लाख 49 हजार 232 पुरुष एवं 44 लाख 71 हजार 405 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में निर्भीक होकर मतदान करने की अपील भी की है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें