सोना नये शिखर पर , चाँदी 150 रुपये टूटी
नयी दिल्ली 04 जनवरी (वार्ता) अमेरिका के हमले में ईरान के एक कमांडर की मौत के बाद निवेशकों के सुरक्षित निवेश की ओर आकर्षित होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में पीली धातु में रही तेजी के बल पर शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 220 रुपये उछलकर 41,290 रुपये प्रति दस ग्राम के नये रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान चांदी 150 रुपये फिसलकर 48,500 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी।
लंदन एवं न्यूयार्क से मिली जानकारी के अनुसार सप्ताहांत पर सोना हाजिर बढ़कर 1,551.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा भी 27.20 डॉलर की तेजी लेकर 1,551.70 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चाँदी हाजिर 0.20 डॉलर उतरकर 18.03 डॉलर प्रति औंस पर रही।
अमेरिका के हमले के बाद भू राजनैतिक तनाव बढ़ाने और तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका में कच्चे तेल में भी उबाल आ गया। इसका असर डॉलर के साथ ही कीमती धातुओं पर भी दिखा। विश्लेषकों का कहना है कि यदि तनाव बढ़ता है तो वैश्विक बाजार में सोना हाजिर 1575 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें