उच्च शिक्षा क्षेत्र में निरंतर अनुसंधान जरूरी: राज्यपाल
पटना, 04 जनवरी (वार्ता) बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने गुणवतापूर्ण अनुसंधान के लिए समुचित शिक्षण-प्रणाली एवं आधारभूत संरचना विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए आज कहा कि उच्च शिक्षा क्षेत्र में निरंतर अनुसंधान का काफी महत्व है।
श्री चौहान ने राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित पटना विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा क्षेत्र में निरंतर अनुसंधानों का भी काफी महत्व है। अकादमिक अनुसंधानों ने समाज और उद्योग-जगत की कई समस्याओं के समाधान खोजने में बहुत योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुणवतापूर्ण अनुसंधान के लिए समुचित शिक्षण-प्रणाली एवं आधारभूत संरचना विकसित करने की आवश्यकता है।कुलाधिपति ने कहा कि नये वर्ष में उच्च शिक्षा के विकास-प्रयासों को और अधिक तेज किया जायेगा। केन्द्र एवं राज्य सरकार विश्वविद्यालयीय शिक्षा के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करा रही है। केन्द्रीय शैक्षणिक एजेन्सियों का भी पर्याप्त सहयोग मिल रहा है। इससे उच्च शिक्षा के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के सार्थक नतीजे भी सामने आ रहे हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें