बलिया में बदमाशों के हमले से मां की मृत्यु, बेटी गभीर रूप से घायल
बलिया 01 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बलिया के रेवती क्षेत्र में शुक्रवार की रात घर में सोये मां- बेटी को बदमाशों ने चाकू से हमला कर लहुलुहान कर दिया। अस्पताल ले जाते समय मां की मृत्यु हो गई जबकि बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस सूत्रों नें शनिवार काे यहां बताया कि श्रीनगर गांव में उमेश वर्मा की पत्नी विंदू(45) अपनी बेटी अंशु के साथ एक कमरे में सोयी थी। उमेश अपने बेटे रवि के साथ दूसरे कमरे में सोया था। देर रात घर में घुसे बदमाशों ने मां-बेटी को चाकू मारकर घायल कर दिया। पास में सरस्वती पूजा में बज रहे लाउडस्पीकर के शोर में बगल के कमरे में सोये उमेश को घटना की जानकारी तब हुई जब घायल विंदू ने किसी तरह जाकर उसे जगाया। उमेश ने 112 नं डायल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को अस्पताल ले जा रही थी कि रास्ते में विंदू की मृत्यु हो गई। अंशु का ईलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस उपाधीक्षक बैरिया अशोक सिंह ने बताया कि उमेश की तहरीर पर हत्यारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें