हाथी ने ली अधेड़ व्यक्ति की जान
नैनीताल, 10 फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर जिले के तराई केन्द्रीय वन प्रभाग के निगल्टिया खत्ता में हाथी ने एक अधेड़ व्यक्ति की जान ले ली। इससे वन विभाग में हड़कंप मच गया और घटना के बाद से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। उन्होंने वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के वन विभाग के तराई केन्द्रीय वन प्रभाग के अंतर्गत रविवार देर रात यह घटना घटी है। वन प्रभाग के पीपल पड़ाव रेंज के अंतर्गत निगल्टिया खत्ता में पीड़ित नंदलाल साह परिजनों के साथ अपने निवास में सो रहा था। हाथियों की आहट से वह घर से बाहर निकले। इसी दौरान एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से नंदलाल गंभीर रूप से घायल हो गये और उनकी मौक पर ही मौत हो गयी।
पीड़ित की चीख पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग बाहर निकले। लोगों के सामूहिक प्रयास के बाद हाथियों को भगाया जा सका। इस घटना के बाद परिवार में जहां मातम है वहीं क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगायी है।
घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। वन विभाग आवश्यक कार्यवाही में जुट गया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें