जौनपुर में तबेले में लगी आग,16 मवेशियों की मृत्यु ,18 झुलसे
जौनपुर,04 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के जलालपुर क्षेत्र मंगलवार तड़के एक तबेले में लगी आग में 16 मवेशियों की जलकर मृत्यु हो गई जबकि 18 पशु गंभीर रुप से झूलस गये।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जलालपुर क्षेत्र के निहोरा ( दलपतपट्टी ) गांव निवासी कामता प्रसाद यादव का सई नदी पुल के निकट निजी तबेला है , जिसमें गाय भैस मिलाकर लगभग 150 मवेशी थे। आज तड़के करीब दो बजे अचानक तबेले के छप्पर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पांच छप्परों को अपने चपेट में ले लिया।
उन्होंनेे बताया कि आग लगने के बाद कामता प्रसाद ने शोर मचाया तो आसपास के छप्पर में सो रहे उनके पुत्र दिलीप कुमार और कमलेशकुमार यादव उठकर आये और मवेशियों को खोल कर बाहर निकालने लगे। आग की लपटें इतनी तेज थी कि वह मात्र कुछ ही मवेशियों को बचा पाए। तबेले में बंधी 10 भैस तथा उनके छह बच्चो की जलकर कर मृत्यु हो गयी, शेष मवेशी रस्सी तोड़ाकर कर नदी की तरफ भाग निकले। आग की चपेट से दो गायों सहित 18 मवेशी गंभीर रुप से झूलस गये है जो जिंदगी मौत के बीच जूझ रहे हैं।
सूचना मिलने पर राजस्व टीम, डायल 112 पुलिस के अलावा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका। कामता प्रसाद ने बताया कि आग में वहां रखा करीब डेढ़ लाख रुपया और अन्य सामान भी जल कर राख हो गया। आग से हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें