सहारनपुर में सर्राफ से 75 लाख का सोना लेकर जेवरात बनाने वाला एजेंट फरार
सहारनपुर, 04 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के सदर बाजार क्षेत्र में बड़े सर्राफा कारोबारी महेश सिंघल का 75 लाख रूपए का सोना लेकर जेवरात बनाने वाला एजेंट फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक (सिटी)विनीत भटनागर ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोर्ट रोड़ स्थित
बालाजी मंसाराम ज्वैलर्स के महेश सिंघल से दिल्ली के करोल बाग का रहने वाला कुणाल शैलेष सोनी उनसे पिछले माह 10 जनवरी को सोने के जेवरात बनाने के लिए एक किलो 842 ग्राम सोना आठ प्रतिशत कमीशन पर तैयार करने का भरोसा देकर अपने साथ दिल्ली ले गया। कुणाल द्वारा 18 जनवरी को तैयार आभूषण की आपूर्ति की जानी थी, लेकिन कई दिन बाद तक जेवरातों की आपूर्ति नहीं मिली तो महेश कुमार परिजनों के साथ दिल्ली कुणाल शैलेष के बताए पते पर पहुंचे, वहां वह तो नहीं मिला लेकिन उनकी पत्नी मिली।
उन्होंने बताया कि उसकी पत्नी ने बताया कि उसका पति से तलाक का मुकदमा चल रहा है और अब उससे कोई संबंध नहीं है। सर्राफ महेश सिंघल की तहरीर पर सहारनपुर नगर सदर बाजार कोतवाली में कुणाल शैलेष के खिलाफ आईपीसी की धारा 402 के तहत मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें