सेना का पराक्रम देख नवाब नगरी का जोश हाई


लखनऊ 08 फरवरी (वार्ता) भारतीय सेना के प्रति दीवानगी नवाब नगरी लखनऊ में शनिवार को सर चढ़ कर बोली जब डिफेंस एक्सपो 2020 के चौथे दिन शनिवार को सैन्य बलों के पराक्रम को देखने के लिये जनसैलाब उमड़ पड़ा और करीब सात घंटे एक्सपो स्थल और आसपास के क्षेत्र में रफ्तार सुस्त पड़ गयी।
पांच दिवसीय डिफेंस एक्सपो का आगाज पांच फरवरी को हुआ था जिसमे रूस और अमेरिका समेत 70 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। शुरू के तीन दिन 200 से अधिक एमओयू पर हस्ताक्षर हुये जबकि शनिवार और रविवार को एक्सपो में आम लोगों के प्रवेश की निशुल्क व्यवस्था की गयी थी। थल और वायुसेना के जाबांजों ने वृंदावन सेक्टर 15 स्थित एक्सपो स्थल पर सुबह 1200 से 1245 बजे और शाम 1530 से चार बजे तक अपने पराक्रम का प्रदर्शन किया जबकि गोमती रिवर फ्रंट पर नौसेना ने सुबह 11 से एक बजे तक और दोपहर 1415 से 1730 बजे तक अपने जौहर दिखाकर जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
रविवार को हालांकि सैन्य बलों का एक ही शो आयोजित किया जायेगा। वृंदावन में 1200 बजे से 1245 बजे तक थल और वायुसैनिक अपना पराक्रम दिखायेंगे जबकि नौसेना गोमती रिवर फ्रंट पर 1100 बजे से एक बजे तक प्रदर्शन करेगी। एक्सपो का समापन दोपहर डेढ बजे हो जायेगा।
भारतीय जाबांजों के अतुलनीय शौर्य और पराक्रम को देखने के लिये सुबह से ही एक्सपो स्थल के लिये लोगों का हुजूम उमड़ने लगा था। बच्चे,जवान,महिलाये और बुजुर्ग कदमताल मिलाते हुये एक्सपो स्थल की ओर बढे चले जा रहे थे और सुबह 10 बजे तक आयोजन स्थल दर्शकों से खचाखच भर गया था। जिला प्रशासन और सेना ने भीड़ की आशंका के मद्देनजर जरूरी इंतजाम किये थे।
सेना के लाइव शो शुरू होते ही एक्सपो स्थल भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद के नारों से गुंजायमान हो गया। शो के स्थान पर तिल रखने की जगह नहीं थी तो लोगबाग आसपास की सडकों पर खडे होकर फ्लाइंग पास्ट को निहार रहे थे और टैंकों द्वारा किये जा रहे हर धमाके पर नारे लगाकर सेना के प्रति अपनी दीवानगी का इजहार कर रहे थे।



 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास