शराब की कीमत मांगी तो बदमाशों ने मुनीम पर चला दी गोली
देवरिया:बनकटा थाना के बनकटा जगदीश में स्थित देशी शराब की दुकान पर शनिवार की रात शराब की कीमत को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने मुनीम पर फायर कर दिया। गोली लगने से घायल मुनीम का इलाज बिहार के सीवान जिले के मैरवा में चल रहा। गोली मुनीम के कनपटी को छू कर निकल गई है।
बनकटा जगदीश में सुनील सिंह की देशी शराब की दुकान है। बिट्टू सिंह पुत्र लल्लन सिंह निवासी कोपरपट्टी थाना पटहेरवा कुशीनगर दुकान पर मुनीम का कार्य करता है। शनिवार की रात करीब दस बजे दो बाइक पर चार बदमाश दुकान पर आए और शराब खरीदा। शराब की कीमत को लेकर उनके और मुनीम के बीच विवाद होने लगा।इस बीच एक बदमाश ने कट्टा निकाल कर फायर कर दिया और काउंटर पर रखा करीब छह सौ रुपये लेकर बिहार की तरफ भाग गए। गोली मुनीम के कनपटी को छूते हुए निकल जाने से वह जख्मी हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए। मुनीम का बिहार प्रांत के मैरवां स्थित एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति समान्य है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें