अखिलेश ने हनुमत शक्तिपीठ में बजरंबली के दर्शनकर की पूजा
लखनऊ 17 मार्च(वार्ता)कार्यकारिणी की बैठक के बाद वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा की 351 सीट जीतकर सरकार बनाने का दावा कर रहे समाजवादी पार्टी(सपा)अध्यक्ष अखिलेश यादव भी अब बजरंगबली की शरण में पहुंचे।
श्री यादव ने मंगलवार को लखनऊ में देहात क्षेत्र के महमूदपुर गांव में स्थित श्री हनुमत शक्तिपीठ मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा अर्चना की।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने यहां बताया कि श्री यादव ने आज लखनऊ के क्षेत्र में गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उनका हालचाल जाना। असमय बारिश और ओलावृष्टि से क्षति के बारे में जानकारी ली। नौजवानों से उनकी गतिविधियों पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि श्री यादव ने महमूदपुर गांव स्थित श्री हनुमत शक्तिपीठ में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने भंडारा और कन्यापूजन भी किया। श्री हनुमत शक्तिपीठ सीताराम जानकी बड़ाघाट स्थान अयोध्या से संबद्ध है। शक्तिपीठ के महंत श्री मंजुल दास महाराज जी ने शक्तिपीठ के महत्व से परिचय कराया।
श्री अखिलेश यादव ने कन्यापूजन को पवित्र कार्य बताते हुए कहा कि नारी शक्ति की वंदना भारतीय संस्कृति का अंग रही है। उन्होंने कहा कि भारत में धर्म का अपना अलग स्थान और महत्व है। समाजवादी आंदोलन के प्रणेता डाॅ0 राममनोहर लोहिया कहते थे कि राजनीति अल्पकालीन धर्म है इसका काम बुराई से लड़ना है। समाजवादी उन बुराइयों के खिलाफ लड़ रहे हैं जिनसे आज समाज में नफरत बढ़ रही है, भाजपा द्वारा राजनीति से शुचिता और नैतिक मूल्यों को कमजोर किये जाने की साज़िश हो रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा सत्ता जनसेवा का माध्यम होती है। आज यह स्वार्थसाधन और उसके लिए दुरूपयोग के काम आती हैं। राजनीति में अहंकार और असहिष्णुता का स्थान नहीं होता है। उन्होंने कहा कि मानव की मूलभूत आवश्यकता विकास है। उसके लिए बुनियादी ढांचा बनाने और बढ़ाने का काम समाजवादी सरकार ने किया था। समाज में सौहार्द कम हो रहा है। विकास अवरूद्ध है।
श्री यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)सत्ता में है वह बिना कोई काम किए समाजवादी सरकार के कामों को अपना बताते नही थकते, यह अनैतिक है।
अंसल ग्राउण्ड पर आज अर्जुनगंज और तेलीबाग की क्रिकेट टीमों में मैच हो रहा था। इनके कैप्टेन शिवा तथा उदय के आग्रह पर श्री यादव ने क्रिकेट में हाथ आजमाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर आईपीएल की तरह टेनिस बाल से क्रिकेट मैच को प्रोत्साहन दिया जाएगा। ग्रामस्तर पर भी इसकी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। उसके बाद राज्य स्तर पर राजधानी में बड़े मैच का आयोजन किया जायेगा।
श्री यादव ने कहा कि यह अच्छा है कि नौजवानों की खेलों में रूचि बढ़ रही है। लखनऊ के शानदार इकाना स्टेडियम से नौजवानों को खेलों में आगे बढ़ने और कुछ कर गुजरने की बहुत प्रेरणा मिल रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें