इटावा में होली समारोह पर अखिलेश ने चाचा के पैर तो छुए, बात करने से बचते रहे
इटावा, 11 मार्च(वार्ता)उत्तर प्रदेश के इटावा में समाजवादी पार्टी(सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव का कुबना होली मिलन समारोह के मौके पर एकजुट तो हुआ लेकिन पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने चाचा और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के पांव तो छुए लेकिन बात करने से बचते रहे।
सैफई में मंगलवार को आयोजित होली कार्यक्रम के मंच पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद लेने के लिए शिवपाल सिंह यादव भी पहुंचे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंच पर चढ़ते ही चाचा शिवपाल पाल सिंह यादव के पैर तो छुए लेकिन बात करने से बचते रहे। नेताजी के जाने के बाद महावीर सिंह यादव ने अखिलेश यादव से फोटो के लिए इशारा किया। अखिलेश यादव ने शिवपाल सिंह यादव, दर्शन सिंह, प्रधान महावीर सिंह यादव, पूर्व सांसद रामसिंह शाक्य के साथ के साथ एक ग्रुप फोटो खिचवाया।
कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि चाचा-भतीजे सारे गिले-शिकवे दूर कर इस बार होली पर एक हो जाएंगे लेकिन ऐसा नही हुआ। अपने गांव में परंपरागत होली खेलने पहुंचे अखिलेश यादव ने सबसे पहले होली में भाग लेने पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को धन्यवाद दिया और कहा कि होली रंगों का त्योहार है। मीठा खाने का त्यौहार है। सभी त्योहारों का एक ही मकसद है कि गले मिलकर खुशियां मनाई जाए।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारत विश्व का वह देश है जहां तमाम भाषाएं तमाम धर्म और तमाम जातियों के लोग एक साथ रहते हैं और एक साथ त्यौहार मनाते हैं। उन्होंने सैफई में परंपरागत फ़ाग गाने वालों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें वो रास्ता बनाना चाहिए जिससे सभी को रोजगार नौकरी मिल सके।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें