कोरोना के डर को बनाया धंधा, 650 रुपये में बेच रहे 35 वाला मास्क
गोरखपुर:कोरोना वायरस के डर को कालाबाजारियों ने धंधा बना लिया है। फुटकर में कौन कहे पूर्वांचल के सबसे बड़े भालोटिया दवा बाजार की ज्यादातर दुकानों से सेनिटाइजर और मास्क गायब हैं। इक्का-दुक्का दुकानों पर उपलब्ध ये चीजें 10 से 20 गुना कीमत पर बिक रही हैं। गैर जानकारी और अफवाहों के चलते दहशत इतनी है कि लोग इन चीजों के लिए दिन भर बाजार में भटक रहे और अंत में तंग आकर मुंहमांगी कीमत पर खरीद रहे हैं।
सबसे ज्यादा किल्लत एन-95 मास्क की है। दवा बाजार में इक्का-दुक्का दुकानों (सर्जिकल सामान बेचने वाली)पर उपलब्ध यह मास्क गुरुवार को 550 से 650 रुपए तक में बिका। सफेद रंग के इस मास्क पर कोई कीमत अंकित नहीं थी। बताते हैं कि सामान्य दिनों में यह मास्क 35 से 50 रुपए तक में मिल जाता था। इसी तरह 12 रुपए में मिलने वाला मास्क 25 से 30 रुपए बिका।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें