रात में अचानक सड़क पर उतरे डीआईजी, दो चौकी इंचार्ज आए लपेटे में


          गोरखपुर:पुलिस की मुस्तैदी जांचने शहर में निकले डीआइजी रेंज राजेश मोदक को दो चौकी इंचार्ज ड्यूटी से गायब मिले। इस दौरान वायरलेस सेट से काल करने पर एसपी सिटी डा. कौस्तुभ को छोड़कर किसी भी एएसपी, सीओ और थानेदार ने उनको जवाब नहीं दिया।
*लाइन हाजिर करने के निर्देश*
काल किए जाने के पांच मिनट के अंदर ही एसपी सिटी, डीआइजी के पास पहुंच भी गए। बाद में सीओ कैंट भी पहुंचे। ड्यूटी से गायब मिले चौकी इंचार्जों को डीआइजी रेंज ने लाइन हाजिर करने तथा काल करने पर जवाब न देने वाले एएसपी, सीओ और थानेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।
*सबसे पहले पहुंचे पैडलेगंज*
रात में करीब एक बजे के आसपास डीआइजी रेंज शहर में निकले थे। वह सीधे पैडलेगंज पुलिस चौकी पर पहुंचे। उस समय चौकी में एक सिपाही भर मौजूद था। डीआइजी रेंज के पूछने पर सिपाही ने बताया कि चौकी इंचार्ज रोज रात में 10 बजे आवास पर चले जाते हैं। वायरलेस हैंड सेट भी चौकी में ही छोड़ जाते हैं। चौकी इंचार्ज का हाल जानकर नाराज हुए डीआइजी रेंज ने वहीं से शहर के सभी एएसपी, सीओ और थानेदारों को वायरलेस सेट से काल कर जवाब देने के लिए कहा, लेकिन एसपी सिटी को छोड़कर किसी ने जवाब नहीं दिया।
*रास्‍ते में मिले तीन अन्‍य अधिकारी*
पैडलगंज से डीआइजी रेंज, मोहद्दीपुर पुलिस चौकी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच एसपी सिटी और सीओ कैंट सुमित शुक्ल, पैडलेगंज पहुंच गए। उनके मोहद्दीपुर पहुंचने पर वहां के चौकी इंचार्ज भी ड््यूटी से गायब मिले। इसके बाद डीआइजी रेंज रात में ही गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा जांचने पहुंचे थे। वहां पश्चिमी गेट पर बैरीकेडिंग न मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री के मौजूद रहने पर इस गेट पर अनिवार्य रूप से बैरीकेडिंग करने का निर्देश दिया। जांच में मंदिर सुरक्षा में लगाए गए एक इंस्पेक्टर भी गायब पाए गए।
*जवाब न देने वाले एएसपी समेत सभी को चेतावनी*
इस संबंध में डीआइजी रेंज राजेश मोदक ने कहा कि रात में पुलिस की सतर्कता जांच करने निकला था। इस दौरान दो चौकी इंचार्ज गायब मिले। एसपी सिटी को छोड़कर किसी ने जवाब नहीं दिया। दोनों चौकी इंचार्जों को लाइन हाजिर करने और वायरलेस पर जवाब न देने वालों को चेतावनी देने का निर्देश दिया गया है। 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास