वाराणसी के घाटों पर पर्यटकों के घूमने एवं सामुहिक गंगा आरती पर रोक
वाराणसी, 18 मार्च (वार्ता) कोरोना वायरस फैलने की आशंका के मद्देनजर वाराणसी के विश्वप्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर शाम की दैनिक गंगा आरती में आम श्रद्धालुओं के शामिल होने पर बुधवार को 31 मार्च तक रोक लगा दी गई।
गंगा आरती के आयोजक संस्था गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने बुधवार को ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा एक स्थान पर बड़ी संख्या में जमा होने पर रोक के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है लेकिन आरती की परंपरा का निर्वहन पहले की तरह नियमित तौर पर किया जाएगा।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिला प्रशासन ने अन्य गंगा घाटों पर होने वाले इस प्रकार के तमाम कार्यक्रमों के आयोजकों से बेहद सीमित लोगों के साथ परंपरा का निर्वहन करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि बिना कार्य के गंगा घाटों पर घूमने तथा पर्यटन करने वालों पर भी रोका लगा दिया गया है। आदेश की अवहेलना करने वालों पर उचित कार्यवाई करने का आदेश दिया गया है।
गौरतलब है कि मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश एवं दर्शन पूजन पर रोक लगा दिया गया था। इसके अलावा सारनाथ संग्रहलाय को स्थायी तौर पर बंद कर दिया गया तथा बौद्ध मंदिर में आम पर्यटकों एवं आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। संकट मोचन मंदिर समेत प्रसिद्ध मंदिरों में साफ-सफाई की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें