आजमगढ़ में तीन तब्लीगी कोरोना पॉजीटिव
आज़मगढ़, 03 अप्रैल (वार्ता) पूर्वी उत्तर प्रदेश का आजमगढ़ जिला शुक्रवार को कोरोना संक्रमित क्षेत्रों की फेहरिस्त में शामिल हो गया जब यहां बाहर से आये तब्लीगी जमात के तीन सदस्य कोरोना पाजीटिव पाये गये।
जिलाधिकारी एन पी सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि पिछले बुधवार को मुबारकपुर कस्बे मे दिल्ली के तब्लीगी जमात से दूसरे प्रदेशों के करीब 16 लोग आए थे। वे मुबारकपुर कस्बे में रुके हुए थे। सूचना पर उनको जांच के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर आज़मगढ़ में भेजा गया था। वहां से उनका सैंपल लेकर वाराणसी भेजा गया था।
उन्होने बताया कि आज आयी जांच रिपोर्ट में तीन को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यह तीनों लोग गाजियाबाद, तेलंगाना और हैदराबाद के रहने वाले हैं । इसके अलावा 13 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है जिसमें 10 लोग आजमगढ़ के हैं।
उन्होने बताया कि जहां वे रूके थे, उन स्थानों को पूरी तरीके से सैनिटाइज भी करा दिया था और लोगों को क्वारंटीन में रखा गया है। मुबारकपुर कस्बे और आस.पास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें