कुशीनगर में पकड़े गये 14 नेपाली जमाती , सभी को क्वारंटीन किया
कुशीनगर,(वार्ता)उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले में खड्डा के रास्ते नेपाल से प्रवेश करते समय 14 जमातियों को रामकोला पुलिस ने शुक्रवार को चंदरपुर गांव के पास पकड़ लिया और सभी लोगों को अहिरौली कुसम्ही में क्वारंटीन किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामकोला पुलिस को आज सूचना मिली कि चंदरपुर गांव के निकट खेतों से होते हुए कुछ जमाती जा रहे हैं। सूचना पर रामकोला के थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी लोगों को हिरासत में ले लिया।
उन्होंने बताया सभी 14 जमातियों को अहिरौली कुसम्ही स्थित महाविद्यालय के क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया।सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। जमातियों के लीडर अहमद हुसैन ने बताया कि वह नेपाल के सिरहा जिले के लहान क्षेत्र में लक्ष्मीपुर तपाड़ी गांऊ पालिका खडूकयाहि का निवासी है और 24 फरवरी को वे लोग झुलनीपुर होकर खड्डा कस्बे के रास्ते कुशीनगर में घुसे थे। जिले के तमाम मस्जिदों एवं मदरसों में रहते हुए 10 दिन पहले कप्तानगंज पहुंचे थे।
नगर की दोनों मस्जिदों में 10 दिनों तक रुके और दो दिन पहले कप्तानगंज क्षेत्र के लक्ष्मीपुर, मलुकही आदि गांव की मस्जिद व मदरसे द्वारा बनाए गए रैन बसेरे में रहे। इसी बीच गुरुवार को पुलिस ने जिले की सभी मस्जिद मदरसों की जांच करायी तो इनका पता नहीं चला। तब यह सभी रैन बसेरे में थे, जिसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी गई। पकड़े गये सभी जमाती खुद को नेपाल का बता रहे हैं।
क्वारंटीन सेंटर के संचालक रामकोला के कानूनगो ने बताया कि इन जमातियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई है। कोई भी संक्रमित नहीं मिला है। इन्हें अन्य लोगों से अलग रखा गया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें