कुशीनगर पुलिस का जज्बा बता रहा है कि हम कोरोना को हरा ले जाएंगे

 


कुशीनगर 14 अप्रैल(वार्ता)कोरोना को हराने का कारगर हथियार लॉकडाउन है। इसका अनुपालन कराने की जिम्मेदारी पुलिसवालों पर है। इस निर्णायक जंग में पुलिस कोरोना को मात देने में पूरी शिद्दत से डटी है। देश के लिए इस जंग का जुनून ऐसा कि रिश्तों और भावनाओं पर फर्ज को तरजीह देने में तनिक भी नहीं हिचक रहे। ऐसे ही उत्तर प्रदेश कुशीनगर में तैनात दरोगा और सिपाही ने मिसाल पेश की है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने मंगलवार को यहां बताया कि जिले के पटहेरवा थाने की समउर बाजार के चौकी इंचार्ज राकेश रोशन सिंह बलिया के निवासी है। उनकी दादी का गत 31 मार्च को निधन हो गया। उसी शाम को उनकी बलिया में अंत्येष्टि थी जबकि यहां जिले में जमातियों की तलाश चल रही थी। हर गांव व कस्बे में मस्जिदों व मदरसों की सघन तलाशी का अभियान चल रहा था। चौकी इंचार्ज ने घर वालों से बात की। बताया कि अंत्येष्टि में शामिल होने से ज्यादा जरूरी उनका यहां रह कर ड्यूटी निभाना है। गला भर आया, इसलिए फोन काट दिया। कुछ देर बाद उन्होंने परिजनों से कहा कि दादी के अंतिम दर्शन वाट्सएप से करा दो। इसके बाद वह अपने गम भूलकर फिर ड्यूटी पर मुस्तैद हो गए।
उन्होंने बताया कि इसी चौकी पर तैनात सुल्तानपुर निवासी कांस्टेबल महेन्द्र यादव के ताऊ की चार अप्रैल को मृत्यु हो गयी थी। उस समय भी जिले में छुपे हुए जमातियों की तलाश का अभियान तेजी पर था। पुलिस फोर्स एक ओर जमातियों की तलाश में लगी थी तो दूसरी ओर लॉकडाउन में लोगों को जरूरी सामान मुहैया कराने का काम युद्धस्तर पर चल रहा था। सिपाही महेन्द्र ने भी भावानाओं की जगह अपने फर्ज को तरजीह दी। घरवालों को समझाया और वाट्सएप के जरिए ताऊ का अंतिम दर्शन किया।
खुद दादी की अंत्येष्टि में नहीं जा पाए चौकी इंचार्ज ने सीपाही महेन्द्र को छुट्टी लेने की सलाह दी लेकिन उन्होंने उन्हीं का उदाहरण देते हुए इनकार कर दिया। अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होने का इन्हें कोई मलाल नहीं है। इन्हें संतुष्टि है कि लोगों का जीवन बचाने के लिए अपने कर्तव्यों का शत-प्रतिशत निर्वहन कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद ने यह कठिन समय है। हमारे लिए इससे बड़ी बात क्या हो सकती है कि पुलिसकर्मी अपनी भावनाओं से ऊपर फर्ज को तरजीह दे रहे हैं। यही तो उत्तर प्रदेश पुलिस की खासियत है। यह जज्बा बता रहा है कि हम कोरोना वायरस को हरा ले जाएंगे।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास