लॉकडाउन का मतलब टोटल लॉकडाउन : योगी
लखनऊ 22 अप्रैल (वार्ता)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि लॉकडाउन का मतलब टोटल लॉकडाउन, इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाय।
श्री योगी ने बुधवार काे यहां लोकभवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में लाॅकडाउन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से कहा कि लाॅकडाउन का सख्ती से शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का मतलब टोटल लॉकडाउन। इसका उल्लंघन कराने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाय।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से मुक्त जिलों में भी पूरी सतर्कता एवं सभी सावधानियां बरतना आवश्यक है। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी दशा में सुरक्षा चक्र टूटने न पाये। जिला प्रशासन के अधिकारियों को संस्थाओं द्वारा कम्युनिटी किचन में उपलब्ध कराये जा रहे भोजन की जांच के की जाय।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन के नियमों के तहत कोरोना से मुक्त जिलों में औद्योगिक इकाइयों का संचालन कराया जाए। परियोजनाओं के लिये विभिन्न प्रकार की निर्माण सामग्री के आवागमन की अनुमति दी जाए। इसके तहत भट्ठों से ईंट तथा बालू, मोरंग तथा सरिया को अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि निर्यात परक इकाइयों से निर्यात के लिये कन्टेनर के माध्यम से इनके उत्पाद का आवागमन भी मंजूर किया जाए। विभिन्न राज्यों से प्रदेश में वापस आए श्रमिकों का सर्वे कराते हुए उन्हें रोजगार सुलभ कराने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में अब तक दस जिले कोरोना से मुक्त हो चुके है। राज्य के 22 जिले पहले से ही कोरोना मुक्त है।
श्री योगी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी व्यक्ति को खाद्यान्न का अभाव न हो। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज के विक्रय में कोई असुविधा न हो। सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्राप्त हो। लाॅकडाउन के कारण अन्य राज्यों के प्रदेश में फंसे लोगों को यदि उनके गृह राज्य की सरकार वापस बुलाने का निर्णय लेगी तो राज्य सरकार इसकी अनुमति प्रदान करते हुए ऐसे लोगों को वापस भेजने में सहयोग प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि रमजान का महीना प्रारम्भ हो रहा है। इस अवधि में विशेष सावधानी बरती जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सहरी व इफ्तार के समय किसी भी प्रकार से भीड़ एकत्र न होने पाए। शेल्टर होम्स से घर भेजे गए लोगों तथा कोटा से प्रदेश वापस लौटे बच्चों को होम क्वारंटीन का पालन करने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ‘1076’ के माध्यम से अवगत कराया जाए। उन्होंने बताया कि एक दिन वे स्वयं कोटा से प्रदेश वापस आए बच्चों से बात कर इनकी कुशलक्षेम प्राप्त करेंगे। उन्होंने सचिवालय कर्मियों को एक-एक छोटा सेनिटाइजर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
प्रमुख सचिव कृषि ने कहा कि अब तक 77 प्रतिशत फसल की कटाई हो गयी है। अब तक मण्डियाें व क्रय केन्द्रों के माध्यम से 30 लाख कुन्टल से अधिक गेहूं की खरीद हो चुकी है। इसमें से लगभग 62 प्रतिशत खरीददारी किसानों के डोर स्टेप पर हुई है। ऐसा प्रदेश में पहली बार हुआ है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें