मीडिया जगत को आर्थिक पैकेज दे सरकार : शास्त्री
लखनऊ 10 अप्रैल (वार्ता) समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापन नहीं देने के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रस्ताव की आलोचना करते हुये ऑल इंडिया प्रेस रिपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने मीडिया जगत के लिये आर्थिक पैकेज की मांग की है।
एसोसियेशन के अध्यक्ष श्रीकांत शास्त्री ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि कोरोना संकट के कारण पहले से ही आर्थिक बदहाली के शिकार अखबारों को विज्ञापन न मिलने के कारण बड़ी संख्या में बंद करना पड़ रहा है। जिलों और ग्रामीण इलाकों में काम करने वाले पत्रकारों को अब जीवकोपार्जन करने में बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। तमाम अखबारों के मालिकानो ने अपने कर्मचारियों कों वेतन देने से हाथ खड़े कर दिये हैं।
उन्होने कहा कि दो साल तक सरकारी विज्ञापनों पर रोक लगाने की कांग्रेस अध्यक्ष की मांग मानी गयी तो बड़ी संख्या में अखबार और चैनल बन्द हो सकते हैं। इससे हजारों पत्रकार एवं कर्मचारी बेरोजगार हो जायेंगे। पिछले कुछ वर्षों में टीवी चैनलों और अखबारों से बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की गयी है। आर्थिक संकट के कारण छोटे और मध्यम समाचार पत्र बंद हो रहे हैं। बड़े अखबारों ने आर्थिक संकट के बहाने कई पत्रकारों को नौकरी से निकाला है।
आचार्य श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि कोरोना महामारी के प्रकोप से बचाव के उपायों की जानकारी देने में मीडिया ने बड़ी भूमिका निभायी है। इसलिये केन्द्र राज्य सरकारें पत्रकारों को आर्थिक पैकेज देने की घोषणा करें ताकि जनता को सही सूचनाएं मिलती रहे। उन्होने पत्रकारों के लिए सरकारी स्तर पर बीमा योजना शुरू करने की भी मांग की भी है ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें