पेट दर्द से परेशान छात्र ने पेड़ से लटक कर दे दी जान
देवरिया :पेट दर्द से परेशान छात्र ने शीशम के पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। बुधवार की सुबह राहगीरों ने पेड़ से उसका शव लटकते देख परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामपुर कारखाना क्षेत्र के पुरैनी निवासी गोरख प्रजापति का बड़ा पुत्र अमर (18) इंटरमीडिएट का छात्र था। पिछले साल वह इंटर की परीक्षा में फेल हो गया था। इस वर्ष उसने दोबारा गणतंत्र इंटरमीडिएट कॉलेज देसही देवरिया से परीक्षा दिया था। उसके पेट में अक्सर दर्द रहता था। दर्द से परेशान होकर अपनी मां से अक्सर बोलता था कि इतना असहनीय दर्द से मर जाना अच्छा है। परिजन आसपास के चिकित्सकों से इलाज कराए लेकिन ठीक नहीं हो रहा था।
बुधवार की भोर में उसने दुबौली गांव स्थित अपने खेत के पास शीशम के पेड़ में फंदा लगाकर जान दे दिया। राहगीरों ने पेड़ से लटकते शव को देखकर शोर मचाया। मौके पर जुटी भीड़ ने उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मां शांति देवी, छोटी बहन अमरावती, छोटे भाई अमरजीत व मंजीत मौके पर पहुंचे। सभी का रो -रो कर बुरा हाल है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें