तबलीगी जमात की बदौलत कोराेना पाजीटिव की तादाद 200 के पार
लखनऊ 04 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली के तब्लीगी जमात के जलसे में शामिल हुये 48 लोगों के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद घनी आबादी वाले उत्तर प्रदेश में जानलेवा वायरस से ग्रसित मरीजों की तादाद शनिवार को 200 के पार हो गयी है।
आगरा में कोरोना पाजीटव के 25 नये मामलों की पुष्टि वहां के जिला मजिस्ट्रेट प्रभु एन सिंह ने शनिवार को की है। इसके साथ ही ताजनगरी में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़ कर 45 हो गयी है।
इसी तरह वाराणसी में तीन नये मामले प्रकाश में आये हैं। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमित सभी मरीजों को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
उन्होने कहा “ निजामुद्दीन मरकज से वापस लौटे दस लोगों के नमूने भेज जा चुके हैं। ” इस बीच चित्रकूट मंडल के बांदा जिले में कोरोना पाजीटिव का पहला मामला प्रकाश में आने के बाद सर्तकता बढा दी गयी है। कोरोना संक्रमित मरीज दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल होकर वापस आया था। इसके अलावा लखनऊ में 12 और आजमगढ़ में चार नये मामले मिले हैं।
आगरा से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार शनिवार सुबह आई रिपोर्ट में जिले में 25 नये कोरोना पॉजिटिव मिले हैं जिनमें कई हाल ही में तब्लीगी जमात वालो के संपर्क मे आये थे। यहां अब तक कुल 45 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके है जिनमें से आठ स्वस्थ होकर घर वापसी भी कर चुके हैं।
उधर, महराजगंज में छह जमाती कोरोना पाजिटिव पाये गये है। ये लोग निजामुद्दीन के तब्लीगी मरकज में शामिल होकर घर लौटे थे। जिला महिला अस्पताल के क्वारंटीन वार्ड में भर्ती इन जमातियों को सीएचसी जगदौर में बनाए गए विशेष आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। बस्ती में शुक्रवार को तीन पाजिटिव पाए जाने के बाद कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या पांच हो गई है।
प्रदेश में अभी तक कोरोना वायरस से दो लोगों की मौत हुई है जबकि 207 लोग पॉजिटिव हैं। इनमें 74 तब्लीगी जमात में शामिल होने वाले हैं।
यूपी में शुक्रवार तक कुल 4006 संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे जा चुके हैं और इसमें से 3635 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 197 मरीजों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें