भाजपा ने मेगा ऋण योजना शुरू करने पर योगी सरकार की सराहना
लखनऊ, 14 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पाटी(भाजपा) ने केंद्र सरकार द्वारा घोषित पैकेज के 24 घंटे के भीतर राज्य में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग(एमएसएमई) के लिए मेगा ऋण योजना शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की है।
भाजपा के महासचिव और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने गुरुवार को यहां कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे देश को रास्ता दिखाया है कि प्रवासी श्रमिकों की सेवा के लिए सरकार क्या कर सकती है। उन्होंने कहा योगी सरकार ने प्रदेश में एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने की तैयारी कर रखी है। केंद्र सरकार के आर्थिक पैकेज एलान के तत्काल बाद लॉकडाउन अवधि में भी इतनी बड़ी धनराशि का लोन देने वाला उत्तर प्रदेश पहला राज्य बन गया है।
उन्होंने कहा कि एक बार में 56 हजार से अधिक एमएसएमई उद्यमियों के लिए दो हजार दो करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत करना राज्य को देश में विनिर्माण क्षेत्र का हब बनाने के लिए निश्चित रूप से मार्ग प्रशस्त करेगा। राज्य सरकार के इस कदम से उत्तर प्रदेश को चीन का विकल्प बनाने के प्रयास के रूप में देखा जाएगा।
श्री पाठक ने कहा, “उत्तर प्रदेश एकमात्र ऐसा राज्य है जो प्रवासी श्रमिकों का स्वागत कर रहा है और उनके भविष्य सवारने के लिए भी तैयार है, जबकि अन्य राज्यों ने अभी भी इसके लिये कोई व्यवस्था नहीं की है।”
भाजपा हासचिव ने एक बयान में कहा कि लगभग दस लाख प्रवासी श्रमिकों को भोजन, परिवहन और अन्य सुविधाएं प्रदान करते हुए, राज्य सरकार ने पहले ही एक प्रकार का रिकॉर्ड बनाया है। सरकार इन कुशल और गैर-कुशल श्रमिकों को 20 लाख नौकरियां देने की तैयारी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें