दो पक्षों में संघर्ष, छह से अधिक घायल
कुशीनगर 02 मई(वार्ता)उत्तर प्रदेश में कुशीनगर के पटहेरवा क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में छह से अधिक लोग घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि मंगुरीपट्टी गांव में दो पक्ष बच्चों के आपसी विवाद को लेकर आमने-सामने आ गये। दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। जिससे गांव में अफरा तफरी मच गई और दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से सात व्यक्तियों को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया। शांति व्यवस्था के लिए गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गयी है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक एक सप्ताह पूर्व एक पक्ष के लड़के ने एक लड़की को रास्ते मे छेड़ दिया था। लड़की ने अपने परिजनों से घटना के संबंध में बताया तो दोनों पक्षों के लड़कों में मारपीट होने लगी। दोनों पक्ष समउर पुलिस चौकी पर गए और शिकायत की लेकिन पुलिस ने घटना को हल्के में लेते हुये दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। उधर दोनों पक्षों के मन में अभी भी आक्रोश था। शुक्रवार शाम को करीब चार बजे एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक युवक को अपशब्द बोलते हुये मारने के लिए दौड़ा लिया। युवक चिल्लाते हुए अपने घर की ओर भागा। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने सामने हो गये ओर ईंट पत्थर चलाने लगे।
सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्षों से छह से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके पर पुलिस बल तैनात है। स्थिति नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें