झांसी: आवास पर मरीज देखते चिकित्सा अधीक्षक का वीडियो बनाने वाले पत्रकार को धमकी
झांसी 03 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश में झांसी जिले की मऊरानीपुर तहसील के एक चिकित्सा अधीक्षक का पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला ऑडियो वायरल होने के बाद पीडित पत्रकार ने बुधवार को उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा।
एक ऑडियो बीते रोज से सोशल मीडिया पर खूब वाॅयरल हो रहा है जिसमें तथाकथित एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का चिकित्सा अधीक्षक मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत एक कवरेज करने वाले को जेल भिजवाने की धमकी दे रहा है, साथ ही वह यह भी बता रहा है कि कोई भी वीआईपी उसे बचा नहीं सकेगा। ऑडियो वाॅयरल होने के बाद से प्रशासन में हड़कम्प मचा हुआ है, वहीं सीएमओ किसी का भी काॅल रिसीव नहीं कर रहे।
देश की सबसे बड़ी तहसील मऊरानीपुर में बीते रोज सीएचसी में तैनात चिकित्सा अधीक्षक अपने आवास पर मरीजों को देख रहे थे। इसका कवरेज एक स्थानीय रिपोर्टर ने कर लिया। लोगों से बातचीत में यह भी सामने आया कि चिकित्सा अधीक्षक 100 रुपए फीसल लेकर मरीजों को देखते हैं साथ ही बाहर की ही दवा और जांच लिखते हैं। उनके इस कृत्य की कवरेज हो जाने की जानकारी मिलते ही वह तिलमिला उठे। आनन फानन उन्होंने उस स्थानीय रिपोर्टर का मोबाइल नम्मबर लगाकर उसे धमका डाला। इसका ऑडियो खूब चर्चा में है।
इसके बाद पूरी तहसील के आक्रोशित पत्रकारों ने बुधवार को एसडीएम व सीओ मऊरानीपुर को शिकायती पत्र देते हुए चिकित्सा अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस अवसर पर प्रमोद सिंह, जीत नायक, गुड्डू तिवारी, सोनू मिश्रा, गिरवर सिंह,कल्याण सिंह,पवन कुमार,जगदीश श्रीवास,रवि परिहार, विनोद सोनी,रोहित विश्वकर्मा,शिवम विश्वकर्मा,संतोष श्रीवास समेत दर्जनों पत्रकार उपस्थित रहे।
पूरे मामले पर मुख्यचिकित्सा अधिकारी से जब जानकारी लेनी चाही तो कई बार फोन किये जाने के बाद भी उनके सीयूजी नम्बर पर फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं एक स्थानीय रिपोर्टर से उनकी बात हुई तो उन्हों ने मामला संज्ञान में होने से मना करते हुए फोन काट दिया ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें