महिला भू-माफिया की खबर लिखने में गई पत्रकार की जान…..

उन्नाव/लखनऊ। राजधानी के पड़ोसी जिले उन्नाव के गंगा घाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े वरिष्ठ भाजपा नेता के दामाद/पत्रकार शुभम मणि त्रिपाठी की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तीन शुटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शुक्लागंज (उन्नाव) की भू-माफिया दिव्या अवस्थी ने अपने साथी मोनू खान के जरिए 4 लाख की सुपारी देकर हत्या शुभम की हत्या कराई थी। दिव्या अवस्थी व दो अन्य फरार अपराधियों पर पुलिस ने 20 हजार का इनाम घोषित किया है।
बताते चलें कि 19 जून को गंगा घाट थाना क्षेत्र के सहजनी हाईवे पर दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने पत्रकार शुभम मणि त्रिपाठी को तीन गोलियां मारकर मौत की नींद सुला दिया था, वे कानपुर से प्रकाशित अखबार “कम्पू मेल” के उन्नाव से संवाददाता/छायाकार थे। शुभम के ससुर नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना नमामि गंगे से जुड़े वरिष्ठ भाजपा नेता हैं। पत्रकार की दिनदहाड़े हुई हत्या से पुलिस में हड़कंप मच गया था तथा लखनऊ परिक्षेत्र की आईजी श्रीमती उर्मिला सिंह ने भी गंगाघाट पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमे लगाई गई थीं। 
गंगा घाट थाने की पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम ने आज इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए तीन अपराधियों शुक्लागंज निवासी शहनवाज अंसारी, अहमदनगर-शुक्लागंज के अफसर अहमद व अब्दुल बारी को गिरफ्तार किया। एसपी रोहन पी कनय के अनुसार शुक्लागंज निवासी दिव्या अवस्थी मोनू खान के साथ मिलकर प्लाटिंग का काम करती है, उसने कई जमीनों पर कब्जा कर रखा है। पत्रकार शुभम मणि त्रिपाठी द्वारा इसकी खबर चलाएं जाने पर उसके अवैध निर्माण को राजस्व विभाग ने गिरा दिया था। पूर्व में भी शुभम पर हमला हुआ था जिसके संबंध में उन्होने दिव्या अवस्थी व अन्य के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई थी। लाॅकडाउन में भी शुभम ने दिव्या अवस्थी द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग के बारे में सोशल मीडिया पर खबर चलाई थी जिससे दिव्या और तिलमिला गई तथा उसने अपने साथी मोनू खान के माध्यम से शुभम मणि त्रिपाठी को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या करा दी। मोनू खान ने शुभम की हत्या के लिए 4 लाख की सुपारी दी थी तथा शूटरों को 20,000 रुपए एडवांस में दिए गए थे।
पुलिस ने दिव्या अवस्थी पर 10,000 एवं नामजद आरोपी राघवेन्द्र अवस्थी व मोनू खान पर 5-5 हजार का इनाम घोषित किया है, ये तीनों अभी फरार हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP 35AJ/9876) बरामद की है। दिव्या अवस्थी व अन्य फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गईं हैं।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास