बाढ़ का खतरा: तेजी से बढ़ रहा सरयू, राप्ती, रोहिन और कुआनो का पानी
गोरखपुर में बहने वाली नदियों का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। सरयू (घाघरा) का जल स्तर जिस तरह से बढ़ रहा है उससे आशंका प्रबल हो गई है कि वह खतरे का निशान कभी भी पार कर सकती है। वहीं राप्ती, रोहिन और कुआनों का पानी भी तेजी से बढ़ रहा है। कई स्थानों पर नदियां कटान भी कर रही हैं जिससे कुछ गांवों का अस्तित्व संकट में है।
गोरखपुर और आसपास के जिलों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश की वजह से शहर से लेकर गांवों तक जगह-जगह पानी भर गया है। वहीं नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण कार्यालय से गुरुवार को जारी बाढ़ बुलेटिन में बताया गया है कि नदियों का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। सबसे ज्यादा खतरनाक स्थिति सरयू की है। सरयू का पानी जिस तरह से बढ़ रहा है वह कभी भी तुर्तीपार में खतरे का निशान पार कर सकती है। वहीं राप्ती नदी भी उफान मार रही है।
राप्ती की कटान से जंगल कौड़िया ब्लाक के राजपुर दूबी गांव का अस्तित्व संकट में पड़ गया है। इस गांव के कई मकान नदी में समा चुके हैं। सरयू भी बड़हलगंज और गोला इलाके में कटान कर रही है जिससे दर्जन भर गांवों के लोगों के चेहरे पर परेशानियां साफ झलक रही हैं। जिला प्रशासन ने बाढ़ की आशंका के मद्देनजर सभी 86 बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। बाढ़ चौकियों पर राजस्व-पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। चौकियों पर एक लाउड हेलर, एक सर्चलाइट, एक लाइफ जैकेट और 3 एप्रेन उपलब्ध करा दिया गया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें