देवरिया में सभासद ने थानेदार पर लगाया पिटाई का आरोप
देवरिया, 25 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में देवरिया के बरहज कस्बे में शनिवार को लाॅकडाउन के दौरान पूजा करने जा रहे सभासद की थानेदार द्वारा पिटाई किये जाने का मामला प्रकाश में आया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बरहज नगरपालिका के वार्ड नम्बर 17 के सभासद संजय मद्धेशिया नागपंचमी की पूजा करने के लिए अपने पुत्रों के साथ जा रहे थे। आरोप है कि थाना के सामने सभासद की थानेदार ने पिटाई कर दी। अपना उपचार कराने पहुंचे सभासद का मेडिकल करने से सीएचसी बरहज के चिकित्सकों ने मना कर दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर घायल सभासद का मेडिकल किया गया है।
सभासद संजय का आरोप है कि पिटाई से मेरे कंधे, हाथ, पैर पर चोटे आई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थानेदार ने कई लोगों की पिटाई की। महिलाओं को भी अपशब्द बोला। इस घटना के बाद नगर के सभासदों ने अपनी नाराजगी जताई है। बरहज थाना प्रभारी अनिल पांडेय का कहना है कि कोरोना को देखते हुए दो दिन का लाॅकडाउन है। इसी के तहत लाॅकडाउन का अनुपालन कराया जा रहा है। सभासद को केवल मना किया गया, पिटाई की बात गलत है।
इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक डाॅ0 श्रीपति मिश्र ने कहा कि इसकी जांच कराई जा रही है। यदि पिटाई की गई है तो गलत है। प्रारम्भिक जांच करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक शिष्य पाल, क्षेत्राधिकारी दिनेश यादव और एसडीएम बरहज पहुंचे हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें