झांसी में फूटा कोरोना बम, एक दिन में 127 नये मामले ,कुल संख्या 730
झांसी 14 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के झांसी में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक 127 नये मामले सामने आये और इसके साथ ही जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 730 हो गयी।
जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने बताया कि आज की गयी 966 संदिग्ध नमूनों की जांच में से 127 की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है और अब जनपद में कुल संक्रमितोंं की संख्या बढ़कर 730 हो गयी है। कोविड -19 की चपेट में आकर 40 लोगों की मौत हो चुकी है । इनमें से 226 लोग पूरी तरह से ठीक होकर घर जा चुके हैं। जिले में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 464 है।
झांसी में अनलॉक के बाद से संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या मंगलवार को अभी तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गयी। जिले में इतनी तेजी से कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या पर जब पैरामेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ़ सेंगर से बात की गयी तो उन्होंने इसे पूरी तरह से जनता की लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी ताकत से अपना काम करने में और व्यवस्थाएं करने में लगा है । कोरोना की जो जांच इतनी महंगी निजी स्तर पर हो रही थी वह शासन की ओर से अब मुफ्त की जा रही है ।
संक्रमितों के लिए ठहरने से लेकर खाने आदि की पूरी व्यवस्था शासन प्रशासन की ओर से की जा रही है लेकिन लोग समझने काे तैयार नहीं है। लॉकडाउन खुलते ही लोगों ने ऐसा मान लिया कि जैसे कोरोना हमेशा के लिए चला गया और पूरी लापरवाही दिखायी। अब जो संक्रमितों के आंकड़ें में बेतहाशा वृद्धि हो रही है वह लोगों की इसी घोर लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने अगाह किया कि अगर अब भी लोग नहीं समझे और बेवजह घर से निकलना ,मिलना जुलना, बिना मास्क घूमना बंद नहीं किया गया और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे नियमों का कड़ाई से पालन नहीं किया तो यह संख्या और अधिक तेजी से बढ़ने की आशंका है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें