मल्टीलेवल पार्किंग के काम में आई तेजी
गोरखपुर। गोलघर में ट्रैफिक जाम से निजात को लेकर जलकल परिसर में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग के लिए शासन ने 23 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। अब निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। मल्टीलेवल पार्किंग में दुकानों के निर्माण के चलते न सिर्फ डिजाइन बदल दी गई है बल्कि निर्माण लागत भी बढ़ गई है।
मल्टीलेवल पार्किंग के कुल एरिया के 25 प्रतिशत में दुकानों का निर्माण होना है। इससे लागत में भी करीब 17 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण स्वीकृत किया गया था, उसकी लागत करीब 29 करोड़ रुपये थी। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद इसमें रखरखाव के लिए पूंजी जुटाने के लिए दुकानों के निर्माण का निर्णय लिया गया था।
इसे लेकर मल्टीलेवल पार्किंग की डिजाइन में बदलाव कर दिया गया है। जिसे जीडीए बोर्ड की मंजूरी भी मिल गई है। नये डिजाइन के बाद लागत बढ़ कर 46 करोड़ रुपये हो गई है। मुख्य अभियंता संजय सिंह ने बताया कि मल्टीलेवल पार्किंग को लेकर 23 करोड़ रुपये मिल गए हैं। शेष रकम के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें