पुलिस टीम पर अन्धाधुन्ध फायरिंग, सीओ,एसओ समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद
कानपुर : देर रात हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें सीओ समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए। चार पुलिसकर्मी घायल भी हैं। घटना कानपुर में चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव की है। यहां पुलिस बदमाश विकास दुबे को पकड़ने गई थी। वहीं बाद में पुलिस ने हमला करने वाले दो बदमाशों को मार गिराया है। अभी भी मुठभेड़ जारी है और विकास दूबे की तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए मामले की पूरी रिपोर्ट तलब की है और बदमाशों को तुरंत पकड़ने के आदेश दिए हैं।
शहीद पुलिसकर्मियों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर में कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले 8 पुलिस कर्मियों को भावभीनी श्रदांजलि दी है।
पुलिस कार्मिको की शहादत को शत् शत् नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने इनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को इस दुर्दांत घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने तथा तत्काल मौके की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सपा अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर की दुखद घटना में पुलिस के 8 वीरों की शहादत को श्रद्धांजलि ! उप्र के आपराधिक जगत की इस सबसे शर्मनाक घटना में ‘सत्ताधारियों और अपराधियों ‘की मिलीभगत का ख़ामियाज़ा कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों को भुगतना पड़ा है। अपराधियों को जिंदा पकड़कर वर्तमान सत्ता का भंडाफोड़ होना चाहिए।
पुलिस पर हमला करने वाला एक और बदमाश मारा गया, मुठभेड जारी। आईजी मोहित अग्रवाल ने की पुष्टि।
कानपुर देहात से विकास दुबे के बहनोई दिनेश तिवारी को पुलिस ने हिरासत में लिया
चौबेपुर के गांव बिकरू में बदमाशों से मुठभेड़ में शहीद 8 पुलिसकर्मियों के पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। सभी कागजी प्रक्रियां शुरू। डीएम बृह्म देव राम तिवारी भी पहुंचे। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार पहुंचे घटनास्थल।
कानपुर मंडल कानपुर, कानपुर देहात, कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं।
जीटी रोड पर स्थित गांव में हुई घटना के बाद से जीटी रोड पर जगह-जगह बैरियर लगाकर हो रही है सघन तलाशी।
फॉरेंसिंक टीमें घटनास्थल पर जांच पड़ताल के लिए पहुंची, अपराधी विकास के घर को चारों तरफ पुलिस तैनात।
लखनऊ से एडीजी लॉ एंड आर्डर के कानपुर आने की सूचना, बताया जा रहा है कि वह सीधे घटनास्थल पहुंचेंगे।
एक बदमाश को पुलिस ने मार गिराया। आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया और बदमाश भी गांव में छिपे हैं, पुलिस और एसटीएफ की टीम बदमाशों से मोर्चा ले रही है। अभी एक बदमाश को पुलिस ने मार गिराया। हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के चौबेपुर स्थित गांव बिकरू से चार किलोमीटर आगे काशीराम निवादा गाँव में पुलिस औऱ बदमाशों की मुठभेड़ जारी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और इस मामले की रिपोर्ट मांगी।
मुख्यमंत्री ने @dgpup को इस दुर्दांत घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने तथा तत्काल मौके की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
फर्रुखाबाद में भी नाकाबंदी, बार्डर पर हो रही चेकिंग
कानपुर में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद शुक्रवार भोर से ही जिले के बॉर्डर पर पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया कानपुर रोड के बॉर्डर के साथ-साथ जिले के सभी वार्डों पर पुलिस वाहन चेकिंग अभियान कर भागे हुए अपराधियों को तलाश रही है ।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन जय नारायन सिंह ने बताया चार और पुलिसकर्मियों की हालत नाजुक ।
आपरेशन में एसटीएफ के जाबांज अफसरों को भी उतारा गया। बिकरू समेत कई गांवों को पुलिस ने चारों तरफ से घेरा
आठ पुलिसकर्मियों की शाहदत का बदला लेने के लिए गुरुवार आधी रात के बाद से ही चौबेपुर स्थित विकास दुबे के गांव बिकरू में भारी पुलिस फोर्स तैनात है। आसपास के कई गांव तक घुस चुकी है पुलिस। पुलिस का अनुमान है कि बदमाश आसपास के गांवों में ही छिपे हैं। कानपुर शहर के अलावा आसपास कई जिलों की भी फोर्स बुलाई गई है।
कन्नौज तक में अलर्ट, हर आने-जाने वाले वाहनों की हो रही चेकिंग
कानपुर के चौबेपुर में हुई मुठभेड़ के बाद कन्नौज की पुलिस हाई अलर्ट पर। जिलेभर की पुलिस अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग में जुटी। जीटी रोड से निकलने वाले हर आने-जाने वालों पर रखी जा रही निगाह। गुजरने वाली सभी गाड़ियों की हो रही चेकिंग।
ये पुलिसकर्मी हुए शहीद :
1-देवेंद्र कुमार मिश्र,सीओ बिल्हौर
2-महेश यादव,एसओ शिवराजपुर
3-अनूप कुमार,चौकी इंचार्ज मंधना
4-नेबूलाल, सब इंस्पेक्टर शिवराजपुर
5-सुल्तान सिंह कांस्टेबल थाना चौबेपुर
6-राहुल ,कांस्टेबल बिठूर
7-जितेंद्र,कांस्टेबल बिठूर
8-बबलू कांस्टेबल बिठूर
घर के अंदर और छतों से गोलियां चलाई गईं। बिठूर एसओ कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विकास और उसके 8, 10 साथियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
करीब साढ़े 12 बजे बिठूर और चौबेपुर पुलिस ने मिलकर विकास दुबे के गांव बिकरू में उसके घर पर दबिश दी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें