रंगदारी मांगने आया पत्रकार साथी के साथ गिरफ्तार
शामली, 25 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश की शामली पुलिस ने गढ़ी पुख्ता क्षेत्र के ताना में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ग्रामीण से 50 हजार की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने एक पत्रकार समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक विनित जायसवाल ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खुद को न्यूज चैनल का पत्रकार बताने वाले युवक पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी भी एक अखबार में काम करता है।
उन्होंने बताया कि गढीपुख्ता क्षेत्र के गांव ताना निवासी टीनू ने थाने पर तहरीर दी कि उसे कुत्ते पालने का शौक है और कुछ दिन पहले वह कुत्ते को लेकर मुजफ्फरनगर के कस्बा शाहपुर गया था । वहां नलकूप पर उसने पानी पीया था। उसी दौरान कुछ युवक वहां आए तथा तमंचों से हर्ष फायरिंग कर वीडियो बनाने लगे, उक्त वीडियो में भी उसका फोटो भी आ गया था। पीडित का आरोप है कि एक दिन उसके पास धर्मेन्द्र राणा नामक युवक का फोन आया ,जिसने खुद को एक न्यूज चैनल का पत्रकार बताकर उससे कहा कि हर्ष फायरिंग करने की वीडियो उसके पास है, यदि उसने पचास हजार रुपये नहीं दिए तो वह वीडियो वायरल कर देगा।
श्री जायसवाल ने बताया कि धर्मेन्द्र ने पहले उसे अनसुना कर दिया, लेकिन वह धर्मेन्द्र और उसके साथी आकाश पर लगातार पैसा देने का दबाव बनाने लगा और पैसा नहीं देने पर जान से मारने की भी धमकी दी। उन्होंने बताया कि आए दिन के दबाव से वह परेशान होकर उसने पैसा देने से साफ इंकार कर दिया ,जिसके बाद एक न्यूज चैनल के स्ट्रिंगर धर्मेन्द्र राणा ने वह वीडियो गढ़ीपुख्ता क्षेत्र का बताकर वायरल कर दिया। इसके बाद वह पुलिस अधीक्षक से मिला तथा अपनी पीडा बतायी तथा गढ़ीपुख्ता थाने पर भी धर्मेन्द्र राणा और आकाश के खिलाफ रंगदारी मांगने तथा जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दे दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा की गयी जांच पडताल में टीनू निर्दोष निकला, जिसके बाद पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को ताना-मालैंडी के निकट उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वे ग्रामीण से रंगदारी मांगने के लिए आ रहे थे।
इस बीच थानाध्यक्ष गढीपुख्ता संदीप बालियान ने बताया कि टीनू की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों धर्मेन्द्र राणा निवासी मौहल्ला शांतिनगर माजरा रोड एवं आकाश निवासी रेलपार के खिलाफ रंगदारी मांगने तथा जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें