यूरिया उत्पादन के क्षेत्र में देश आत्म-निर्भर होने की दिशा में बढ़ रहा है आगे: योगी

लखनऊ, 15 जुलाई(वार्ता)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केन्द्र व राज्य सरकार की कृषि एवं किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा देश यूरिया उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की ओर आगे बढ़ रहा है।

श्री योगी बुधवार को यहां अपने सरकारी आवास पर हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के सीडिंग कार्यक्रम के तहत आरसीएफ यूरिया उर्वरक रैक के गोरखपुर आगमन के अवसर पर वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश यूरिया उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर की ओर बढ़ रहा है। हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के गोरखपुर संयंत्र में अगले वर्ष उत्पादन आरम्भ होेने से, इन क्षेत्रों में किसानों को न सिर्फ यूरिया खाद मिलेगी, बल्कि उन्हें कृषि के सम्बन्ध में जानकारी भी उपलब्ध होगी, जिससे वे जागरूक होंगे। यूरिया के क्षेत्र में देश को आत्म-निर्भर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे प्रदेश व पूर्वांचलवासियों को अब यूरिया खाद की उपलब्धता आसान होगी।

उन्हाेंने कहा कि कहा कि एच0यू0आर0एल0 द्वारा गोरखपुर, बरौनी (बिहार) एवं सिंदरी (झारखण्ड) में पूर्व काल की यूरिया उत्पादन की तीन इकाइयों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। गोरखपुर का खाद संयंत्र जून, 1990 में बन्द हो गया था। 26 वर्ष बाद जुलाई, 2016 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इसके पुनर्निर्माण की आधारशिला रखी गयी। पहले यह कारखाना क्षेत्र की पहचान था। इसी प्रकार कई चीनी मिलें भी बन्द हो गयीं और लोगों का पलायन हुआ। विकास, आधुनिक तकनीक, उर्वरक तथा रसायनों, रोजगार, किसानों के हित के लिए उर्वरक कारखानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री ने बन्द पड़े खाद कारखानों के पुनर्निर्माण का कार्य प्रारम्भ कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी से जूझने के बावजूद एच0यू0आर0एल0 द्वारा निर्माण कार्य को जारी रखा जा रहा है। यह किसानों की मदद तथा सामाजिक प्रतिबद्धताओं को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के लिए हर सम्भव सहयोग दिया जा रहा है। एच0यू0आर0एल0 के प्रबंध निदेशक अरुण कुमार गुप्ता ने कम्पनी के क्रमिक विकास की जानकारी देते हुए कहा कि कोविड-19 की परिस्थितियों में भी सभी सावधानियां बरतते हुए गोरखपुर प्लाण्ट का निर्माण कार्य चल रहा है तथा यह परियोजना समयबद्ध ढंग से पूरी होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एच0यू0आर0एल0 द्वारा यूरिया की उत्तर प्रदेश में बिक्री का शुभारम्भ किया। उन्होंने किसानों तथा एचयूआरएल को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम गोरखपुर के खाद कारखाने के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। सीडिंग कार्यक्रम के तहत एचयूआरएल गोरखपुर द्वारा यूरिया का विपणन किया जाएगा। एक वर्ष के भीतर में एच0यू0आर0एल0 गोरखपुर उर्वरक संयंत्र के प्रारम्भ होेने की आशा व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इससे उत्पादित यूरिया किसानों को उपलब्ध करायी जाएगी। यूरिया उपलब्ध कराने के साथ-साथ एच0यू0आर0एल0 किसानों को कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगी, जिसमें कृषि सलाह, फसल संरक्षण, मौसम की जानकारी, आधुनिक तकनीक, जैविक खेती, फसल चक्र आदि शामिल होंगे।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास