अमित शाह कोरोना से संक्रमित, मेदांता में भर्ती
नयी दिल्ली 02 अगस्त (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रविवार को डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।
श्री शाह ने अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी स्वयं ट्वीट कर दी। उन्होंने टि्वटर पर लिखा, “ कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं।”
सूत्रों के अनुसार 55 वर्षीय श्री शाह में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और डॉक्टरों की सलाह के बाद वह अस्पताल में भर्ती हो गए।
श्री शाह अब अयोध्या में राममंदिर कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पायेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वह पांच अगस्त को अयोध्या में राममंदिर भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे।
केन्द्रीय गृह मंत्री के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी मिलते ही कई केंद्रीय मंत्रियों और देश भर में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने श्री शाह के शीघ्र कुशलता की कामना की है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने श्री शाह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
उन्होंने ट्वीट किया, “ ईश्वर से आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। आप जल्द ही स्वस्थ होकर देशवासियों की सेवा में पहले की तरह उसी ऊर्जा से जुटेंगे, ऐसी कामना करता हूं।”
भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने ट्वीट किया, “ माननीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी के कोरोना संक्रमित होने का समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”
भाजपा के राज्यसभा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने श्री शाह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट किया, “ मीडिया में अमित शाह के कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलने के बाद दुख हुआ। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि उन्हें जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल जाये।”
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल , हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर , पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, सिक्किम के मुख्यमंत्री पी एस तमांग तथा कई अन्य नेताओं ने भी श्री शाह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
गौरतलब है कि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की 100वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को केन्द्रीय गृह मंत्री ने नयी दिल्ली में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) की ओर से ‘लोकमान्य तिलक : स्वराज से आत्मनिर्भर भारत’ विषय पर आयोजित एक वेबिनार को संबोधित किया था।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें