कुशीनगर पुलिस पुलिस मुठभेड़ तीन वांछित इनामी बदमाश गिरफ्तार
कुशीनगर, 20 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश की कुशीनगर पुलिस और बदमाशों के साथ आज रामकोला एवं सेवरही क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 25-25 हजार रुपये के तीन बदमाश घायल हो गये,जिन्हे गिरफ्तार कर लिया ।
पुलिस प्रवक्ता ने यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामकोला पुलिस और क्राइम ब्रान्च की टीम ने संयुक्त रुप से चेकिंग के दौरान गंडक नहर पर मोटर साइकिल सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी फायरिंग में 25-25 हजार के इनामी अपराधी कुशीनगर निवासी सिन्टू और छपरा बिहार निवासी अजय घायल हो गया, जिन्हे गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर, एक तमंचा 12 बोर और कुछ कारतूस बरामद किए गये । उन्होंने बताया कि छह अगस्त को व्यवसायी को लूटने में असफल होने पर बदमाशों द्वारा गोली मारकर घायल कर दिया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी थी। इस घटना के सम्बन्ध में थाना रामकोला पर अभियोग पंजीकृत था, जिसमें दोनों बदमाश वांछित चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार का पुरस्कार घोषित किया गया था।
प्रवक्ता ने बताया कि इसके अलावा सेवरही पुलिस ने सूचना के आधार पर शिवाघाट बड़ा पुल के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाश की घेराबंदी की, इस पर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गयी आत्मरक्षार्थ में कार्रवाई में बदमाश उपेन्द्र घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बदमाश कब्जे से एक तमंचा और कुछ कारतूस बरामद हुयी। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश तरयसुजान इलाके के जवही बल्लभ का रहने वाला है। यह थाना सेवरही पर पंजीकृत मामले में वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 25,000 का पुरस्कार घोषित था।
सं त्यागी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें