अजनारा ली सोसायटी में घुसकर बदमाशों ने की अधाधुंध फायरिंग, दो की मौत
ग्रेटर नोएडा,08 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बदमाशों के हौसले आजकल कुछ अधिक बुलंद हैं और दिल्ली से सटे गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा पश्चिम स्थित अजनारा ली गार्डन सोसायटी में बाइक सवार दो बदमाशों ने जमकर फायरिंग की जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।
घटना बीती देर रात की है। मृतकों की पहचान डालचंद और अरुण त्यागी के रुप में हुई है। दोनों प्रॉपर्टी डीलिंग का व्यवसाय करते थे और घटना के वक्त वे कार में बैठे हुए थे।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस घटना को आपसी विवाद का नतीजा बता रही है।
चौबीस घंटे में नोएडा मध्य ज़ोन के विभिन्न थाना क्षेत्र में हुई ताबड़तोड़ हत्या, लूट, फायरिंग, मारपीट की पाँच घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।
मध्य ज़ोन दो के उपायुक्त हरिश चंद्र के मुताबिक डालचंद अजनारा ली गार्डन सोसाइटी में सपरिवार रहते थे। उनका प्रॉपर्टी डीलिंग का काम है। घटना रात के करीब नौ बजे की है। वे अपने साथी अरुण त्यागी के साथ कार में बैठकर दो अन्य युवकों के साथ बैठे हुए थे तभी पीछे से दो बदमाश आए और गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिसमें अरुण त्यागी और डालचंद बुरी तरह घायल हो गए। दोनो को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
श्री चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगो से पूछताछ और सोसायटी में लगे सीसीटीवी के सहारे पता करने में जुटी हैं कि बदमाशों ने घटना को अंजाम कैसे दिया और उसके पीछे मकसद क्या था।
गौरतलब है कि बीते 24 घंटे के दौरान नोएडा मध्य ज़ोन के विभिन्न थाना क्षेत्र में हुई कैब चालक की लूट-हत्या, फ़ैक्ट्री फायरिंग में मौत, खूनी संघर्ष मारपीट और सबसे सुरक्षित और पॉश सोसाइटी में बदमाशों ने दो लोगों की हत्या जिस बेखौफ अंदाज में की और फरार हो गए, उसे लेकर लोगों के मन में दहशत है। नोएडा में बदमाश बेखौफ होकर एक के बाद एक ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दे रहे है, जिससे पुलिस व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न लगना स्वाभाविक है।
मिश्रा, यामिनी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें