बस्ती में वरिष्ठ पत्रकार अनिल श्रीवास्तव का निधन
बस्ती, 18 सितम्बर(वार्ता) उत्तर प्रदेश के बस्ती में शुक्रवार को वरिष्ठ पत्रकार अनिल श्रीवास्तव का निधन हो गया। वह 68 वर्ष के थे।
पारिवारिक सूत्रों ने यहां बताया कि श्री श्रीवास्तव का निधन आज बस्ती मेडिकल कालेज में हुआ। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। फेफड़ों में संक्रमण की वजह से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। आक्सीजन का स्तर बनाए रखने के लिए उनको कृत्रिम सांस दी जा रही थी, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और सुबह करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
श्री अनिल श्रीवास्तव विचार परख तथा प्रकाश टाइम्स के प्रधान संपादक थे। वे न्यूज एजेंसी “यूनाईटेड न्यूज ऑफ इण्डिया” से लगभग 20 सालों से जुड़े थे। वे बस्ती प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्यों में एक थे।
मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले के भानपुर रानी गांव निवासी श्री अनिल श्रीवास्तव लम्बे समय तक कई समाचार पत्रों तथा यूएनआई से जुड़े रहे। वे वर्तमान में विचार परख बस्ती के प्रधान संपादक थे।
वे अपने पीछे दो बेटे तथा पत्नी को छोड़ गये है। उनके आकस्मिक निधन पर बस्ती के पत्रकारों में शोक व्याप्त है। वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्य प्रकाश चंद गुप्ता ने कहा कि श्री श्रीवास्तव हम लोगों के अभिभावक थे, उनके जाने से बस्ती पत्रकारिता में अपूर्णनीय क्षति हुई है।
भंडारी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें