गरीबों के हित के लिये काम कर रही है सरकार : योगी

जौनपुर 26 सितम्बर,(वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार गरीबों के हित के लिये निरंतर कार्य कर रही है।

सनबीम स्कूल कुल्हनामऊ में आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए श्री योगी ने कहा कि सरकार ने ठेले, खोमचे, मजदूरों को रोजगार देने का कार्य किया और लाॅकडाउन के दौरान उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही, महीने में दो बार खाद्यान्न देने का कार्य किया जा रहा है। कोरोना काल के संकट की घड़ी में सरकार हमेशा गरीबों के साथ खड़ी रही तथा शासन-प्रशासन के अधिकारियों ने भी इस कार्य में भरपूर सहयोग किया।

उन्होने कहा कि सरकार श्रमिकों/कामगारों को मनरेगा के तहत कार्य देकर उनकी आमदनी बढ़ाने का कार्य कर रही है। इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा ऐसी विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे प्रदेश विकास पथ पर आगे बढ़ सके। लाॅकडाउन के पश्चात उद्योगों को नए सिरे से चलाने का कार्य तथा उद्यमियों को आसान ऋण उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत परम्परागत व्यवसाय करने वाले लोगों को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ टूल किट एवं ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश में कोई भी बेरोजगार न रहे, ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सुरक्षा के लिए किसान बिल पास किए गए हैं, जिससे किसानों को बिचैलियों से मुक्ति मिलेगी तथा किसानों का शोषण रुकेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम मिलना ही चाहिए।

इस अवसर पर उन्होने सभी प्रकार की पेंशन योजनाओं के नये चयनित लाभार्थियों, परिवारिक लाभ, शादी अनुदान के लाभार्थियों, वरासत, मनरेगा, पार्क, माॅडल तालाब, जौनपुर में विगत तीन वर्षों की उपलब्धि तथा विधानसभा क्षेत्र मल्हनी में विगत तीन वर्षों के कार्यों की पुस्तिका का विमोचन किया।

श्री योगी ने कहा कि जौनपुर में अनेक वैज्ञानिक हुए हैं, जिसमें डाॅ लालजी सिंह ने जौनपुर को अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई, जिससे आज के युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। प्रदेश सरकार द्वारा सम्पूर्ण प्रदेश के साथ-साथ जौनपुर के विकास के लिए विभिन्न परियोजनाएं संचालित हैं।

इस मौके पर जौनपुर के जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्र, गरीब, वंचितों को पहुंचाया जा रहा है। जिले में प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत तालाब खुदाई एवं सुन्दरीकरण का कार्य, मनरेगा पार्क जिसमें ओपन जिम, योगा स्थल तथा अन्य खेलों की व्यवस्था की जा रही है। जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन नहीं बने हैं, उन सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इससे लोगों को रोजगार भी प्राप्त हो रहा है। विशेष अभियान चलाकर पेंशन, वरासत और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के छूटे हुए पात्र लोगों के आवेदन भरवाने का कार्य किया जा रहा है।

प्रदीप

वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास