गोरखपुर में एक अक्टूबर से शुरू होगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान
गोरखपुर, 26 सितम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला प्रशासन ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की सभी तैयारिया पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नही की जायेगी।
प्रभारी जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान का माइक्रो प्लान प्रत्येक दशा में 27 सितम्बर तक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को अवश्य उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नही की जायेगी।
श्री सिंह ने शनिवार को यहां विकास भवन सभागार में आयोजित संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शत प्रतिशत सफलता के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि अक्टूबर से प्रारम्भ होकर 31 अक्टूबर तक चलेगा। संचारी रोग तथा दिमागी बुखार पर सफलता पूर्वक नियंत्रण पाने के लिए एक सम्पूर्ण सोच के साथ सभी संबंधित विभागों के मध्य उचित समन्वय का होना आवश्यक है। सभी संबंधित विभाग कार्यक्रम की शत प्रतिशत सफलता के लिये आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक तथा दस्तक अभियान एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक संचालित होगा। उन्हाेंने कहा कि इंसेफ्लाइटिस प्रभावित समस्त गांवों को जेई से बचाव संबंधी सम्पूर्ण व्यवस्थाओं से आच्छादित किया जाये। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही कोविड-19 के दृष्टिगत सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क के प्रयोग का ध्यान रखा जाये।
उन्होंने बताया कि जो भी कार्यक्रम संचालित किये जायें उसमें कोविड-19 के प्रोटोकाल का ध्यान रखा जाये।
श्री सिंह ने बताया कि अबकी बार दस्तक अभियान के तहत आशा किसी के घर में दस्तक नही देगी बल्कि आवाज लगाकर घर के बाहर बुलाकर जागरूक करेंगी। उन्होंने कहा कि आशा नियमित टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों की सूची तैयार करने के साथ ही डेंगू सर्वे का कार्य भी करेगी और सूची के अनुसार छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण नवम्बर, दिसम्बर माह में कियाा जायेगा।
उन्होंने नगरनिगम को निर्देश दिये कि महानगर की साफ सफाई व्यवस्था प्रमुखता के आधार पर करायें। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सुअरबाड़ों को आबादी से दूर रखा जाये।
उदय भंडारी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें