हरदोई में गौमांस की बिक्री के मामले में दो व्यापारी गिरफ्तार
हरदोई 19 सितम्बर(वार्ता) उत्तर प्रदेश के हरदोई में लाइसेंसी मीट की दुकान पर गौमांस की बिक्री के मामले में दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि लाइसेंसी मीट की दूकान पर गौ मांस की बिक्री का खुलासा प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट में हुआ है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत पर गत 22 जून को पशु विभाग ने लाइसेंसी मीट की दो दुकानों से सैंपल लेकर जांच के नमूनो को मथुरा प्रयोगशाला भेजा था। मथुरा प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट में दोनों दुकानदारों के गौ मांस की बिक्री करने की पुष्टि हुई है। इस मामले में पुलिस ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ गोवध अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया दोनों मीट व्यापारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि लाइसेंसी मीट की दुकान से गौ मांस की बिक्री का यह मामला हरदोई जिले के कोतवाली संडीला इलाके का है। जहां पुलिस ने गौ मांस की बिक्री के आरोप मे कस्बा संडीला के मलकाना मोहल्ले के रहने वाले मीट व्यापारी मोहम्मद आलम और अख्तर हुसैन को गिरफ्तार किया है। नगर पालिका संडीला से मोहम्मद आलम और अख्तर हुसैन ने गैर प्रतिबंधित मांस बेचने का लाइसेंस प्राप्त कर रखा था। कस्बे के ही मंगल बाजार में दोनों अपनी दुकान पर मांस की बिक्री करते थे। स्थानीय लोगों ने इनके गौ मांस बेचने की सूचना पुलिस व पशु चिकित्साधिकारी को दी थी। जिसके बाद गत 22 जून को पुलिस और पशु चिकित्सा अधिकारी की टीम ने इनकी दुकान से बचे हुए मांस के टुकड़ों का सैंपल लेकर जांच के लिए मथुरा लैब भेजा गया था। मथुरा की प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट में दोनों के गौ मांस की बिक्री करने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पशु चिकित्सा अधिकारी की तहरीर पर दोनों के खिलाफ गोवध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद दोनों मीट कारोबारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सं भंडारी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें