जन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाय: शाही

देवरिया, 03 सितम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय पेयजल योजना के तहत निर्माणाधीन पेयजल टंकियों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाय।

श्री शाही गुरूवार को देवरिया में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति(दिशा) की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की जाय। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पेयजल योजना के तहत निर्माणाधीन पेयजल टंकियों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाय।

उन्होंने मनरेगा के तहत जिले में किए गए कार्य प्रस्ताव एवं बजट प्राविधान की जानकारी की। बैठक में उन्हें बताया गया कि 112 करोड़ का लेबर बजट का कार्य प्रस्ताव बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें और बढ़ोतरी करते हुए जिले का प्रस्ताव 200 करोड़ का रखा जाए ताकि मनरेगा के तहत अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके। उन्होंने राष्ट्रीय पेयजल योजना के तहत निर्माणाधीन पेयजल टंकियों को प्राथमिकता के साथ पूरा किए जाने का निर्देश दिया तथा उसका अनुश्रवण मुख्य विकास अधिकारी को किए जाने को कहा।

श्री शाही ने जिले में महुआडीह से हेतिमपुर की खराब सड़क का जिक्र करते हुए अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को कहा कि फील्ड में जाएंगे तभी सड़कों की स्थिति की जानकारी रहेगी।उन्होंने ऐसे सभी खराब सड़कों को चिन्हित कर उसके मरम्मत किए जाने को कहा।उन्होंने अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त की तथा कहा कि बिना किसी सूचना के यदि वे आगे गायब रहेंगे तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जलभराव एक बड़ी समस्या है इस पर कार्य करने की विशेष जरूरत है इस पर कार्य योजना बनाकर मनरेगा के तहत कार्य सुनिश्चित कराया जाय।

बैठक में राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद ने विधान सभावार व ग्राम पंचायतवार विभिन्न कार्य योजनाओं व जन कल्याणकारी योजनाओं के तहत कराये गये कार्यो की सूची सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराये जाने को कहा। उन्होंने राप्ती गोर्रा एवं मझने एवं गोर्रा के बीच बने बंधे को काफी पुराना बताया तथा इस पर मनरेगा के तहत ऊंच्चीकरण एवं मरम्मत का कार्य कराए जाने को कहा।

उन्होंने इसके लिए ब्लाकों में उपायुक्त मनरेगा को बैठक आयोजित कराकर बंधो के सटे ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को भी सम्मिलित कर, उन्हें कार्य प्रस्ताव से भी अवगत कराए जाने को कहा। उन्होंने तिघरा मराछी बंधे के कटान से प्रभावित 3 गांव के मामले को रखा तथा कटान के स्थाई समाधान के लिए नदी के ड्रेजिंग किए जाने की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी अमित किशोर ने कहा कि इस पर ड्रेजिंग का कार्य प्रस्तावित है।

सदर सांसद रमापति राम त्रिपाठी ने बैठक में कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है और यदि कोई चूक होती है या लोगों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुॅचता है, तो इसके लिये वे जबाबदेह भी होंगे। इसलिये अधिकारी अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभायें। उन्होंने जनपद में जहां जहां सड़कें टूटी है उसे चिन्हित व सूचीबद्ध कर जनप्रतिनिधियों को भी एक सप्ताह के अंदर अवगत कराए जाने तथा कार्य योजना बनाकर उस पर कार्य किए जाने को कहा।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि व अधिकारी एक-दूसरे के पूरक बने तभी कार्य होगा और कार्यों को औपचारिकता के रूप में नहीं बल्कि उसके प्रमाणिकता के लिए अधिकारी कार्य करें। उन्होंने मनरेगा में फर्जीवाड़े को चिन्हित करने व कार्रवाई कराए जाने को कहा इस पर जिलाधिकारी श्री किशोर ने कहा कि कार्रवाई कराई जाएगी और जहां भी कमी होगी उस पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। सदर सांसद ने कृषि मंत्री के पैतृक गांव पकहां में पूर्व में शौचालय निर्माण में हुई अनियमितता में हुई करवाई की जानकारी डीपीआरओ एवं एडीएम वित्त से की।

सं भंडारी

वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास