झांसी मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री का मुख्यमंत्री को पत्र
झांसी 22 सितम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के झांसी में कोविड -19 के कारण लगातार बढ़ रह मौतों के आंकडे के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप जैन आदित्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्तियां किये जाने और दूसरी व्यवस्थाओं के संबंध में मंगलवार को पत्र लिखा।
पूर्व केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि पूरा विश्व कोरोना महामारी से जूझ रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश भी अछूता नहीं है और महामारी तेजी से फैल रही है। झांसी जिले में प्रतिदिन ना केवल मौतें हो रही हैं बल्कि बड़ी संख्या में संक्रमण के मामले भी सामने आ रहे हैं। वर्तमान हालात में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज, पैरामेडिकल कालेज आदि जैसे बड़े चिकित्सा संस्थान मरीजों से पूरी तरह भर चुके हैं व अस्पताल में जगह नहीं बची। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है जबकि मेडिकल कालेज में स्वीकृत पदों के सापेक्ष बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े हैं। मेडिकल कालेज में प्रमुख अधीक्षक से लेकर टैक्रीशियन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 560 पद रिक्त हैं। इन पदों के ना भरे जाने के कारण मेडिकल कालेज प्रशासन को स्टाफ की कमी से जूझ रहा है और मरीजों के उपचार में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 500 बैड के अस्पताल की घोषणा की थी और आपने भी सुपर स्पेशलिटी ब्लाक के उद्घाटन के समय इस 500 बैड के अस्पताल को जल्द पूर्ण किये जाने की बात कही थी लेकिन इसके लिए सरकार के स्तर से अभी तक धनराशि अवमुक्त नहीं की गई, ऐसी स्थिति में बुन्देलखण्ड के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बुन्देलखण्ड का एकमात्र सबसे बड़ा मेडिकल कालेज होने के कारण आस-पास के जनपदों का भी भार यहां है , इसको ध्यान में रखकर तथा कोरोना महामारी को देखते हुए तत्काल इस 500 बैड के अस्पताल के लिए बजट आवंटित कराया जाए व मेडिकल कालेज के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाए जिससे कि बुन्देलखंड के मरीजों को भटकने पर मजबूर ना होना पड़े और उनकी जान बच सकें।
सोनिया
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें