कम्पार्टमेंट परीक्षा परिणाम 10 अक्टूबर तक घोषित होंगे : केंद्र


नयी दिल्ली, 24 सितम्बर (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) को 10वीं और 12वीं की कम्पार्टमेंट परीक्षा के परिणाम जल्द घोषित करने के निर्देश संबंधी याचिका का गुरुवार को उस वक्त निपटारा कर दिया जब सीबीएसई ने उसे अवगत कराया कि वह कम्पार्टमेंट परीक्षा का परिणाम 10 अक्टूबर तक घोषित कर देगा।

सीबीएसई की ओर से पेश अधिवक्ता रुपेश कुमार ने न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर और न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की खंडपीठ को बताया कि बोर्ड 10 अक्टूबर तक कंपार्टमेंट परीक्षा का परिणाम जारी कर देगा, जबकि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने कहा कि महाविद्यालयों में नामांकन 31 अक्टूबर तक नामांकन होंगे। खाली सीटों पर 30 नवम्बर तक नामांकन जारी रहेंगे तथा अस्थायी नामांकन 31 दिसम्बर को बंद कर दिया जायेगा।

इस पर श्री कुमार ने कहा कि 10 अक्टूबर को परीक्षा परिणाम जारी करने के बाद उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को नामांकन के लिए 21 दिन मिलेंगे। सीबीएसई और यूजीसी की दलीलों से संतुष्ट न्यायालय ने मामले का निपटारा कर दिया।

गौरतलब है कि न्यायालय ने गत मंगलवार को सीबीएसई को यूजीसी के साथ मिलकर परीक्षा परिणाम जारी करने तथा नामांकन के लिए आवेदन करने की तिथियों के बारे में निर्णय लेने का निर्देश दिया था। खंडपीठ ने कहा था कि अभी असामान्य परिस्थितियां हैं और सीबीएसई एवं यूजीसी को फिलहाल कम्पार्टमेंट परीक्षा दे रहे बच्चों का भी ध्यान रखना चाहिए।

छात्र याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा ने दलील दी थी कि यदि कम्पार्टमेंट परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थियों को नामांकन नहीं मिलता है तो उनका शीर्ष अदालत के समक्ष यह याचिका दायर करने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।

सुरेश जितेन्द्र

वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास